विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 16, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

UP Weather Update Today: आगरा में आसमान से बरस रही आग, कानपुर बना सबसे गर्म शहर, जानिए आज कैसा रहेगा यूपी का मौसम

Published: Sun, 16 Jun 2024 07:53 AM (IST)

UP Weather Update यूपी में मौसम का मिजाज बदल गया है। शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में उमस भरी ...और पढ़ें

आगरा: हरीपर्वत चौराहे पर लू के थपेड़ों से खुद को बचाने का प्रयास करती स्कूटी सवार युवती। जागरण
आगरा: हरीपर्वत चौराहे पर लू के थपेड़ों से खुद को बचाने का प्रयास करती स्कूटी सवार युवती। जागरण

HighLights

  1. प्रदेश में चौथा सबसे गर्म शहर रहा आगरा
  2. रात में भी गर्म हवा से नहीं मिली राहत
  3. 21 जून तक गर्मी से नहीं मिलेगी राहत
  4. धूप में ज्यादा देर खड़े होने पर आ रहे चक्कर

 डिजिटल डेस्‍क, लखनऊ। (UP Weather Update) उत्‍तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फ‍िर करवट बदली है। बीते कई दिनों से लगातार प्रदेश में तापमान में बढ़ोत्‍तरी देखी जा रही है। तापमान के तेवर से लोगों की हालत खराब हो रही है। प्रदेशवासियों को अब बारिश का बेसब्री से इंतजार है। आइए जानते हैं कि आज रविवार को यूपी का मौसम कैसा रहेगा।

आगरा में आसमान से बरसी आग

आगरा में आसमान से आग बरसी, लू चलने से मौसम शुष्क हो गया। शनिवार को धूप में ज्यादा देर खड़े होने पर चक्कर आने लगे। आगरा प्रदेश में चौथा सबसे गर्म शहर रहा। मौसम विभाग ने 35 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से लू चलने की चेतावनी जारी की है। 21 जून तक गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।

सुबह छह बजे से ही धूप तेज होने लगी, 10 बजे के बाद लू चलने से धूप में निकलना मुश्किल हो गया। लू चलने से दोपहर में मौसम शुष्क हो गया, मुंह सूखने लगा। ज्यादा देर तक धूप में खड़े होने पर चक्कर आने लगे, बेचैनी और घबराहट होने लगी।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से लू चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम शुष्क रहेगा, इससे लोगों को परेशानी हो सकती है। पसीना ज्यादा निकलने से शरीर में पानी की कमी हो सकती है।

प्रदेश में सबसे गर्म शहर

कानपुर- 46.3

हमीरपुर -46.2

प्रयागराज और वाराणसी -46

आगरा - 45.5

इसे भी पढ़ें-बीएचयू के पूर्व छात्र की जन्मभूमि के नाम से जाना जाएगा मंगल पर मिला क्रेटर, उपलब्‍धियां जानकर गर्व करेंगे आप

बरेली में तीन दिनों से अधिकतम तापमान स्थिर

बरेली जिले का अधिकतम तापमान पिछले तीन दिनों से 44.4 डिग्री सेल्सियस पर ही अटका हुआ है। इसके बाद भी गर्मी हर दिन अधिक तेज महसूस हो रही है। मौसम विज्ञानी बताते हैं कि बीच-बीच में बादल होने की वजह उमस महसूस होती है। जिससे तापमान अधिक महसूस होता है।

शुक्रवार शाम चली तेज हवा की वजह से कुछ राहत महसूस हुई। मगर अब रविवार से मौसम बदलने का अनुमान लगाया जा रहा है। मौसम विज्ञानी अतुल कुमार बताते हैं कि, इन दिनों आसमान पूरी तरह से साफ नहीं हैं। बीच-बीच में बादल आने की वजह से ऊष्मा पूरी तरह से उत्सर्जित नहीं हो पा रही है। जिससे तापमान बढ़ा हुआ महसूस हो रहा है।

गोरखपुर में रविवार को मौसम साफ रहेगा। उमस भरी प्रचंड गर्मी पड़ेगी। देवरिया और बस्ती में भी मौसम साफ रहने और उमस भरी गर्मी पड़ने पूर्वानुमान है।

कानपुर में गर्मी से राहत अब 18 जून के बाद

कानपुर में लगातार उच्च तापमान की स्थितियां अब लोगों के बेहाल करने लगी हैं। शनिवार को लगातार दूसरे दिन 45 डिग्री पर पारा रहा है। गर्मी से हलकान लोगों को अब मानसून का बेसब्री से इंतजार है लेकिन मानसून के आने की उम्मीद कम होती जा रही है। अब मौसम विज्ञानियों ने 18 जून के बाद मानसून स्थितियां उत्तर प्रदेश में बनने की संभावना जताई है। शनिवार को शहर में जानलेवा गर्मी का मौसम बना रहा।

इसे भी पढ़ें-आयकर अधिकारी बन छापा डालने पहुंचे तीन जालसाज गिरफ्तार, 'स्‍पेशल 26' फ‍िल्‍म देखकर आया था यह आइडिया

मेरठ में सातवें दिन भी चढ़ा रहा पारा

मेरठ में भीषण लू का शिकंजा ढीला नहीं पड़ रहा है। एक सप्ताह बीत गया है तापमान लगातार 41 और 44 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है। सूरज की तपन और गर्म हवाओंं के कहर से बचने के उपाय नाकाफी साबित हो रहे हैं। शनिवार को अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

शुष्क गर्मी का प्रकोप लंबा होता जा रहा है। व्यापारिक ही नहीं सामान्य गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। दोपहर में बाजारों में सन्नाटा छाया रहता है। मई में 18 दिन तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा था। जून में 15 दिन में 12 दिन पारा 40 से अधिक रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञानियों ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में 19 जून को बरसात होने की संभावना व्यक्त की है।

प्रयागराज में दो दिन में लगातार दूसरी बार टूटा गर्म रात का रिकार्ड

प्रयागराज में प्रचंड गर्मी से प्रयागराज त्राहि-त्राहि कर रहा है। भीषण लू की वजह से दिन के साथ रात भी धधक रही है।एक दिन पहले शुक्रवार को 34.3 डिग्री के साथ रात के पारे ने 127 साल पुराना रिकार्ड तोड़ दिया था, वहीं शनिवार को 34.6 डिग्री सेल्सियस के साथ रात के पारे ने एक नए रिकार्ड बना दिया।

यह प्रयागराज में रात का सर्वकाधिक सबसे अधिक तापमान है। हालांकि अधिकतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट आने के कारण प्रयागराज देश के सर्वाधिक गर्म शहर शनिवार को नहीं रहा। मौसम विज्ञानियों की माने तो गर्मी का यह क्रम 20 जून तक चलेगा। हालांकि इसके बाद लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिलेगी।

आज व कल में वाराणसी में भीषण लू की चेतावनी

ये 48 घंटे वाराणसी, सोनभद्र सहित राज्य के अनेक हिस्सों के लिए काफी खतरनाक हो सकते हैं। दिन में भीषण लू चल सकती है जो तीव्र उष्ण लहर का रूप ले सकती है। दिन तो दिन रातें भी गर्म रहेंगी। यह चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है। इस आशय का एसएमएस भी अधिकांश लाेगों की मोबाइल पर शनिवार को विभाग ने भेज कर अलर्ट किया। शनिवार को भी वाराणसी देश में सबसे गर्म पांच शहरों में रहा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।