Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 04, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Winter In UP: यूपी के 47 जिलों में IMD ने जारी क‍िया कोहरे के साथ शीत दिन और शीत लहर के लिए रेड अलर्ट

    By Jagran NewsEdited By: Prabhapunj Mishra
    Updated: Wed, 04 Jan 2023 04:55 PM (IST)

    UP Weather Update यूपी के 47 ज‍िलों के ल‍िए मौसम व‍िभाग (IMD) ने रेड अलर्ट जारी क‍िया है। कुछ ज‍िलों के ल‍िए आरेंज अलर्ट भी जारी क‍िया है। इस दौरान आठ ...और पढ़ें

    UP Weather Update Today: शीतलहर के साथ अत्‍यध‍िक घने कोहरे की चपेट में यूपी
    UP Weather Update Today: शीतलहर के साथ अत्‍यध‍िक घने कोहरे की चपेट में यूपी

    लखनऊ, जेएनएन। UP Weather Update Today कड़ाके की ठंड के साथ प्रदेश भर में बुधवार को दिनभर कोहरा बरसा। इसके चलते राजधानी के तापमान में 10 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। दृश्यता शून्य रही। प्रदेश भर में दिन के समय सबसे कम तापमान कानपुर में 10.2 डिग्री सेल्सियस तो वहीं लखनऊ और बरेली में 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 20 वर्षों में दूसरी बार राजधानी का अधिकतम तापमान कितना कम हुआ है।

    आठ जनवरी तक घने से अत्यधिक घने कोहरे और शीतलहर की चेतावनी

    मौसम विभाग ने बुधवार को भी उत्तर प्रदेश के 47 जिलों में घने कोहरे की लहर और शीत दिन के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, प्रदेश भर में आठ जनवरी तक घने से अत्यधिक घने कोहरे अत्यधिक शीत दिन और शीतलहर के लिए चेतावनी जारी की है। आंचलिक मौसम विज्ञान विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक एम दानिश के अनुसार, 17 जनवरी 2003 को राजधानी का अधिकतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। उसके बाद 2011 में पांच जनवरी को 10.6 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ था। 12 वर्ष बाद मंगलवार को लखनऊ में सर्वाधिक तापमान में इतनी गिरावट दर्ज की गई है।

    इन जिलों में रेड अलर्ट

    पांच जनवरी की सुबह तक सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, बदायूं, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, हरदोई, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, रायबरेली, लखनऊ, बाराबंकी, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, अयोध्या, अमेठी, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, संतकबीरनगर, गोरखपुर, आजमगढ़, जौनपुर, संत रविदास नगर, मीरजापुर, वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया और कुशीनगर में घने कोहरे शीतलहर और शीत दिन के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

    सांस लेने में तकलीफ और आंखों में हो सकती है परेशानी

    इसके तहत घने कोहरे से सांस लेने में तकलीफ और आंखों में परेशानी हो सकती है। इसके अलावा दृश्यता भी 50 मीटर से कम ही रहेगी। मौसम विभाग कोहरे से बचने के लिए गाड़ी चलाते समय सावधानी, फाग लाइट का उपयोग, ट्रेन और हवाई यात्रा के दौरान इमरजेंसी के लिए अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा शीतलहर से बचने के लिए परतों में गर्म कपड़े पहनने, त्वचा को माश्चराइज रखने और विटामिन सी युक्त खाद्य पदार्थों का अधिक से अधिक सेवन करने की सलाह भी दी है।

    खबरें और भी

    इन ज‍िलों में आरेंज अलर्ट जारी

    वैज्ञानिक एम दानिश के अनुसार पांच जनवरी के बाद भी इन सभी जिलों समेत बुलंदशहर, अलीगढ़, हापुड़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, मैनपुरी, इटावा, औरैया, फतेहपुर, प्रतापगढ़, कौशांबी, प्रयागराज और सोनभद्र समेत लगभग प्रदेशभर में शीत दिन और अत्यधिक घने कोहरे के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके तहत कोहरे के दौरान होने वाली अनिश्चितताओं के प्रति सावधानी बरतने और शीत दिन के प्रति बचाव करने की आवश्यकता है।

    जानें प्रदेश के कुछ शहरों का तापमान

    बुधवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस घटकर 10.6 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज क‍िया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश भर में बर्फीली हवाओं के चलते अधिकतम तापमान में सात से नौ डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। सर्वाधिक तापमान बस्ती में 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान में भी कोहरे ने असर दिखाया। सबसे कम तापमान नजीबाबाद में 4.0 डिग्री सेल्सियस और बरेली में 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार लखनऊ और आसपास के इलाकों समेत प्रदेश भर में अत्यधिक घने कोहरे के लिए चेतावनी जारी की गई है। अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज हो सकता है।