विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट्स मीट 2026: 12 घंटे उड़ान भरने वाले तेजस्वान और दिव्यास्त्र का चला जादू, सीएम योगी ने परखा स्वदेशी दम

Updated: Fri, 21 Aug 2026 09:14 PM (GMT+05:30)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 'यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट 2026' प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जहाँ एयरोस्पेस, डिफेंस और कृषि ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. मुख्यमंत्री योगी ने यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

  2. आईआईटी कानपुर का 'तेजस्वान' ड्रोन 12 घंटे उड़ान भरता है।

  3. 'दिव्यास्त्र एमके वन' आत्मघाती ड्रोन 500 किमी मारक क्षमता रखता है।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित 'यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट 2026' की भव्य प्रदर्शनी का अवलोकन किया। विभिन्न स्टॉल्स पर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने प्रदर्शित एयरोस्पेस, डिफेंस, एग्रीकल्चर और कंस्ट्रक्शन क्षेत्र के अत्याधुनिक उत्पादों की तकनीकी बारीकियों और उपयोगिता को समझा। इस प्रदर्शनी में एक तरफ जहां जापानी कंपनियों के आधुनिक कृषि उपकरणों का दबदबा दिखा, वहीं दूसरी तरफ 'मेक इन इंडिया' के तहत यूपी डिफेंस कॉरिडोर में तैयार हो रहे स्वदेशी ड्रोन और बैलेस्टिक सुरक्षा प्रणालियों ने सभी का ध्यान खींचा।

आईआईटी कानपुर का कमाल

प्रदर्शनी का सबसे बड़ा आकर्षण आईआईटी कानपुर से इनक्यूबेट हुए डीप-टेक एयरोस्पेस स्टार्टअप मराल एयरोस्पेस का फिक्स्ड-विंग यूएवी 'तेजस्वान' रहा। सोलर सेल्स और कंपोजिट स्ट्रक्चर से लैस यह स्वदेशी ड्रोन समुद्र तल से 6,000 मीटर की ऊंचाई पर 12 घंटे तक लगातार उड़ने में सक्षम है। 5 किलो पेलोड क्षमता वाला यह प्लेटफॉर्म खुफिया निगरानी, सीमा सुरक्षा और आपदा प्रबंधन में मील का पत्थर साबित होगा। कंपनी इसके साथ ही 90 दिनों तक आसमान में रहकर काम करने वाले 'हाइ-एल्टीट्यूड स्यूडो-सैटेलाइट' (HAPS) प्लेटफॉर्म पर भी काम कर रही है।

एस्कॉर्ट्स कुबोटा का 2000 करोड़ का बड़ा निवेश प्लान

जापानी कंपनी एस्कॉर्ट्स कुबोटा ने उत्तर प्रदेश में कृषि और कंस्ट्रक्शन मशीनरी के विस्तार के लिए 154 एकड़ जमीन 90 साल की लीज पर ली है। कंपनी अगले 7 वर्षों में राज्य में ₹2,000 करोड़ से अधिक का निवेश कर नया मैन्युफैक्चरिंग और पार्ट्स हब बनाएगी। प्रदर्शनी में कंपनी द्वारा प्रदर्शित 27 लाख रुपये की कंबाइन हार्वेस्टर, 14 लाख रुपये की राइस ट्रांसप्लांटर और 6 लाख रुपये के कॉम्पैक्ट ट्रैक्टर ने आधुनिक खेती को एक नई दिशा देने का भरोसा जताया।

500 किमी रेंज वाला 'दिव्यास्त्र एमके वन'

यूपी डिफेंस कॉरिडोर के तहत काम कर रही होवेरित प्राइवेट लिमिटेड ने अपना आत्मघाती ड्रोन 'दिव्यास्त्र एमके वन' प्रदर्शित किया। 400 से 500 किलोमीटर की मारक क्षमता, 350 किमी/घंटा की रफ्तार और थर्मल इमेजिंग कैमरों से लैस यह ड्रोन लक्षित ठिकाने पर सटीक हमला करने में सक्षम है। इसका मई 2026 में भारतीय सेना द्वारा सफल परीक्षण किया जा चुका है। कंपनी अब इसके एडवांस 'एमके-3' वेरिएंट का परीक्षण कर रही है, जो जेट इंजन से संचालित होगा।

कारगिल से 90 देशों के सुरक्षा कवच तक

प्रदर्शनी में एमकेयू लिमिटेड द्वारा निर्मित बैलेस्टिक हेलमेट, जैकेट और नाइट विजन बाइनोक्युलर्स ने भी खासी सुर्खियां बटोरीं। कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय सेना को विशेष जूतों की आपूर्ति करने से शुरुआत करने वाली यह कंपनी आज दुनिया के 90 से अधिक देशों को आधुनिक बैलेस्टिक सुरक्षा उपकरण निर्यात कर रही है। मुख्यमंत्री ने कंपनी के उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि यूपी अब रक्षा उत्पादन का ग्लोबल हब बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।