यूपी में जारी हुआ जूनियर असिस्टेंट का रिजल्ट, 5 हजार से अधिक छात्र हुए सफल
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने कनिष्ठ सहायक और कनिष्ठ लिपिक मुख्य परीक्षा का अंतिम चयन परिणाम घोषित कर ...और पढ़ें
-1788978422400_m.webp)
यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।
HighLights
UPSSSC ने कनिष्ठ सहायक, कनिष्ठ लिपिक मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी किया।
5,339 पदों के सापेक्ष 5,329 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन हुआ।
चयनित अभ्यर्थियों के अनुक्रमांक व कटऑफ आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने सम्मिलित कनिष्ठ सहायक, कनिष्ठ लिपिक, सहायक स्तर-तीन और टंकण कम कनिष्ठ लिपिक मुख्य परीक्षा का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है। 57 विभागों में संशोधित 5,339 पदों के सापेक्ष 5,329 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। चयनित अभ्यर्थियों के अनुक्रमांक और कटआफ अंक आयोग की वेबसाइट पर जारी कर दिए गए हैं।
प्रारंभिक अर्हता परीक्षा- 2022 के अंक के आधार पर आयोग ने विज्ञापन संख्या 08-परीक्षा/2023 के तहत पहले 5,512 पदों के लिए आवेदन मांगे थे। इनमें 5,286 सामान्य और 226 विशेष चयन के पद थे। विभागों से मिली जानकारी के बाद पदों में संशोधन हुआ और संख्या पहले 5,369 और फिर घटकर 5,339 रह गई।
इनमें 5,113 सामान्य और 226 विशेष चयन के पद हैं। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग में पद 597 से घटकर 580, सूचना आयोग में 27 से 17, भूगर्भ जल विभाग में 14 से 13, परिवार कल्याण विभाग में 12 से 11 और भू-अभिलेख निदेशालय में 39 से 38 पद हुए। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग मुख्यालय में पांच में से एक पद मृतक आश्रित नियुक्ति में समायोजित होने से चार पद रह गए। लिखित और टंकण परीक्षा के बाद 26,570 अभ्यर्थियों में से 25,711 ने छह जून तक जरूरी अभिलेख उपलब्ध कराए।
दस्तावेजों के परीक्षण और मेरिट के आधार पर चयन किया गया। 376 अभ्यर्थियों का चयन औपबंधिक रूप से हुआ है। उन्हें पद और विभाग का आवंटन अलग से बताया जाएगा। उत्कृष्ट खिलाड़ी के 66 पदों के लिए कोई पात्र अभ्यर्थी नहीं मिला। पूर्व सैनिक श्रेणी के 205 में 98 पद भी पात्र अभ्यर्थी नहीं मिलने के कारण अन्य अभ्यर्थियों से मेरिट के आधार पर भरे गए। परिणाम हाईकोर्ट में लंबित रिट याचिकाओं और विशेष अपीलों में आने वाले आदेशों के अधीन रहेगा।
वर्गवार चयनित अभ्यर्थी
-अनारक्षित पद/चयन: 2591/2585
- एससी पद/चयन: 1068/1066
- एसटी पद/चयन: 147/147
- ओबीसी पद/चयन: 1076/1074
- ईडब्ल्यूएस पद/चयन: 457/457
- स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित: 66/66
- पूर्व सैनिक: 205/107
-महिला: 1,007/1,007
