Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    योगी मंत्रिमंडल विस्तार: भूपेन्द्र चौधरी को मुख्य भवन, अन्य मंत्रियों को बापू भवन में मिले कार्यालय

    Updated: Tue, 12 May 2026 09:58 AM (IST)

    योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मंत्रियों को कार्यालय आवंटित किए गए हैं। कैबिनेट मंत्री भूपेन्द्र चौधरी को मुख्य भवन में, जबकि मनोज पांडेय सहि ...और पढ़ें

    News Article Hero Image
    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। योगी सरकार के दूसरे मंत्रिमंडल विस्तार में बनाए गए मंत्रियों को कार्यालय आवंटित कर दिया गया है। कैबिनेट मंत्री बने भूपेन्द्र चौधरी को मुख्य भवन (विधान भवन) जबकि अन्य मंत्रियों को बापू भवन सचिवालय में कार्यालय मिला है।

    चौधरी को मुख्य भवन के प्रथम तल में आवंटित कक्ष संख्या 82-बी में वर्ष 2024 के लोक सभा चुनाव में सांसद बनने से पहले तक जितिन प्रसाद बैठते थे। जितिन के पास लोक निर्माण विभाग था। जितिन के केंद्रीय मंत्री बनने के बाद से लोक निर्माण विभाग का दायित्व भी मुख्यमंत्री संभाल रहे हैं। जितिन का कक्ष चौधरी को आवंटित होने के साथ ही चर्चा होने लगी है कि क्या लोक निर्माण विभाग ही उन्हें मिलने वाला है?

    सचिवालय प्रशासन के आदेश के अनुसार कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय को बापू भवन के आठवें तल पर कक्ष संख्या एफ-1/2 दिया गया है। वहीं, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अजीत सिंह पाल को बापू भवन के तृतीय तल पर एफ-1/2 तथा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सोमेन्द्र तोमर को चतुर्थ तल पर एफ-1/2 कक्ष आवंटित किया गया है।

    हालांकि, इन दोनों के पास राज्य मंत्री रहते यही कक्ष पहले से थे। राज्य मंत्री कृष्णा पासवान को बापू भवन के चतुर्थ तल पर एफ-3/4, राज्य मंत्री सुरेन्द्र दिलेर को छठवें तल पर एफ-3/4 और राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा को तृतीय तल पर एफ-3/4 कक्ष आवंटित किया गया है। कैलाश राजपूत को उनकी पसंद का कक्ष न मिलने से फिलहाल कोई कार्यालय कक्ष आवंटित नहीं किया गया है।

    खबरें और भी

    रविवार को विभागों के बंटवारे का आदेश न होने पर सोमवार को दिनभर नवनियुक्त मंत्रियों के विभागों को लेकर चर्चा होती रही। माना जा रहा है कि सोमवार को मुख्यमंत्री की दिनभर की व्यवस्था के चलते विभागों की सूची जारी नहीं हो सकी।

    मंगलवार को मुख्यमंत्री सुबह असम में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। वहां से अपराह्न चार बजे लौटने का कार्यक्रम है। ऐसे में बुधवार को मंत्रियों के विभागों का बंटवारा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

    दिनभर शुभचिंतकों से मिलते रहे नए मंत्री

    शपथग्रहण समारोह के दूसरे दिन नवनियुक्त मंत्रियों ने अलग-अलग स्थानों पर अपने समर्थकों व पार्टी के विधायकों से मुलाकात की। मंत्री मनोज पांडेय दिलकुशा कालोनी स्थित आवास पर अपने समर्थकों से मिलकर शुभकामनाएं लेते रहे।

    उन्होंने ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधिमंडल से भी मुलाकात की। भूपेन्द्र चौधरी सुबह सबसे पहले मुख्य भवन स्थित अपना कार्यालय देखने गए, फिर लौटकर आने पर शुभचिंतकों से मुलाकात करते रहे।

    कैलाश राजपूत ने कल्याण सिंह के पौत्र मंत्री संदीप सिंह से मुलाकात की और लोधी समाज की समस्याओं पर चर्चा की। कृष्णा पासवान ने विधायक आवास पर फतेपुर जिले के विधायकों के साथ विकास पर चर्चा की। पासी समाज के भी कई नेता उनसे मिलने आए। मंत्री सुरेन्द्र दिलेर अलीगढ़ से आए समर्थकों से मुलाकात करते रहे।