विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 29, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Maharajganj News: मौत को दावत दे रहा बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण व बिक्री, नहीं चेता तो हो सकती है बड़ी घटना

By Jagran NewsEdited By: Pragati Chand
Published: Sun, 29 Oct 2023 03:19 PM (IST)

महराजगंज जिले में धड़ल्ले से लाइसेंस के बिना ही पटाखों की बिक्री व भंडारण का खेल जारी है। यही वजह ...और पढ़ें

बिना लाइसेंस हो रहा पटाखों का भंडारण व बिक्री। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
बिना लाइसेंस हो रहा पटाखों का भंडारण व बिक्री। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

जागरण संवाददाता, महराजगंज। दीपावली का पर्व करीब आते ही पटाखों के निर्माण, भंडारण व बिक्री को लेकर कारोबारी सक्रिय हो गए हैं। जिले में बहुत से कारोबारी बिना लाइसेंस व सुरक्षा मानक का पालन किए ही इस कारोबार में उतर आए हैं। इससे हादसे की आशंका बढ़ गई है। शुक्रवार की शाम को कोल्हुई कस्बे में हुई घटना को इसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है, जिससे पिता-पुत्र सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यदि समय रहते प्रशासन नहीं चेता तो बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता है।

58 लोगों को दिया गया है लाइसेंस

जिले में 58 लोगों को पटाखा बेचने का लाइसेंस स्थायी तौर पर जिला प्रशासन की ओर से दिया गया है। इनमें से 11 लाइसेंसी को निर्माण की इजाजत मिली है। इसमें भी निर्माण करने के लिए एक लाइसेंसी को डेढ़ किलोग्राम बारूद स्टोर की अनुमति है, वहीं बेचने के लिए 25 किग्रा पटाखों से अधिक पटाखे रखने की अनुमति नहीं होती है। लेकिन इसके बावजूद न सिर्फ लाइसेंसी बड़ी मात्रा में बारूद और अन्य सामग्री रखकर पटाखों का निर्माण करते हैं, बल्कि बिना लाइसेंस धारी दुकानदारों को भी बाकायदा सप्लाई देते हैं।

यह भी पढ़ें, महराजगंज में महिला के दबंगई का वीडियो वायरल, दुकान में घुसकर दुकानदार से की मारपीट; पुलिस को बताई ये वजह

वहीं 47 दुकानदारों को बिक्री लाइसेंस दिया गया है। लेकिन जिले में कई स्थानों पर बेधड़क पटाखों की बिक्री की जा रही है। सुरक्षा के मानकों के नाम पर भी इन दुकानों पर न तो कोई इंतजाम है, और न ही आबादी क्षेत्र में दुकान न लगाने के नियम का ही इनके द्वारा पालन किया जाता है।

कोल्हुई में धमाके के बाद शुरू हुई छापेमारी

कोल्हुई में शुक्रवार को पटाखे के धमाके के बाद जिले के अन्य थानों की पुलिस भी सक्रिय हो गई है। शनिवार को भिटौली पुलिस ने धर्मपुर चौराहे पर धर्मेंद्र मद्धेशिया के पास से छापेमारी करते हुए 190 बंडल पटाखा बरामद कर उसके विरुद्ध तहत मुकदमा दर्ज किया है।

क्या कहते हैं मुख्य अग्निशमन अधिकारी

पटाखों के अवैध भंडारण और बिना लाइसेंस इसकी खरीद पर रोक लगाने के लिए टीम लगातार छापेमारी कर रही है। इसमें थाना पुलिस की भी सहायता ली जा रही है। इसके साथ ही समस्त 58 लाइसेंस धारकों का भी सत्यापन किया जा रहा है, ताकि दीपावली पर्व पर कहीं पर भी कोई घटना न हो। जसबीर सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी

पहले हो चुकी हैं पटाखे में विस्फोट की घटनाएं

जिले में अगर इन पटाखों के कारण कोई हादसा हो जाए तो प्रशासन के पास इससे निपटने की व्यवस्था भी पूरी नहीं है। त्योहार से पहले पटाखा विस्फोट और जान जाने के बाद प्रशासन हरकत में आता है। इससे पूर्व भी जिले के बृजमनगंज, धानी, पनियरा व निचलौल में पटाखा विस्फोट के चलते 12 लोगों की जान जा चुकी है। निचलौल के मारवाड़ी मोहल्ले में हुई एक विस्फोट में पूरा घर ध्वस्त हो गया था।

रिहायशी मकान से लाखों का पटाखा बरामद परतावल

शनिवार की शाम 6.30 बजे श्यामदेउरवा थाना प्रभारी ने परतावल में एक रिहायशी मकान से लाखों का पटाखा बरामद किया है। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह व चौकी प्रभारी परतावल अनघ कुमार सिंह क्षेत्र गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि परतावल-कप्तानगंज मार्ग पर एक रिहायशी मकान में बड़ी मात्रा में अवैध पटाखा रखा गया है। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कर उक्त रिहायशी मकान की तलाशी शुरू की। एसएचओ श्यामदेउरवा ने बताया कि एक रिहायशी मकान से लाखों रुपये का पटाखा बरामद किया गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।