नेपाल में त्रिशूली नदी का कहर, काठमांडू-सोनौली हाईवे धंसा, यातायात ठप
रसुवा में बाढ़ के कारण त्रिशूली नदी का जलस्तर बढ़ने से काठमांडू-सोनौली हाईवे का एक हिस्सा कृष्णभीर के पास धंस ...और पढ़ें

काठमांडू-मुग्लिंन सड़क धंसी। जागरण
HighLights
त्रिशूली नदी में बाढ़ से काठमांडू-सोनौली हाईवे क्षतिग्रस्त।
कृष्णभीर और परेवाभील के पास सड़क का हिस्सा बहा।
मार्ग खुलने में दो से तीन दिन का समय लगेगा।
रजनीश त्रिपाठी, मुग्लिंन , नेपाल। रसुवा में आई बाढ़ का असर अब नेपाल के बाकी हिस्सों पर पड़ने लगा है। काठमांडू को सोनौली सीमा से जोड़ने वाली काठमांडू-मुग्लिंन सड़क का एक हिस्सा रविवार की कृष्णभीर के पास कटकर त्रिशूली नदी में बह गया। नदी का जलस्तर बढ़ने से सड़क के नीचे कटाव हो गया और सड़क का एक हिस्सा नदी में धंस गया।
धादिंग के प्रमुख जिला अधिकारी लक्ष्मी पाण्डेय गौतम ने बताया कि रविवार सुबह त्रिशूली में अचानक बाढ़ आई। बेनीघाट गांवपालिका-7 स्थित कृष्णभीर में नदी ने सड़क के बेस को काट दिया। पहले सड़क में दरार आई, फिर देखते ही देखते 30 मीटर हिस्सा बैठ गया। इस मार्ग पर कुछ देर के लिए वन-वे यातायात खोला गया था, लेकिन बहाव तेज होने से दोबारा पूरी तरह सड़क बंद करनी पड़ी।
सोनौली से काठमांडू जाने वाले मुग्लिंन -काठमांडू राजमार्ग पर धाधिंग जिला के गजुरी गांव पालिका के परेवाभील के पास एक और जगह सड़क धंस गई है। जिससे इस मार्ग पर यातायात संचालन में और समय लग सकता है।

काठमांडू-मुग्लिंन सड़क नेपाल की सबसे व्यस्त सड़क है। रोजाना 15 हजार गाड़ियां इससे गुजरती हैं। सड़क बंद होने से काठमांडू, पोखरा, चितवन और सोनौली सीमा पर दोनों तरफ बड़ी संख्या में यात्री फंस गए हैं। चितवन पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर नारायणगढ़ से काठमांडू और काठमांडू से नारायणगढ़ की तरफ सभी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है।

यह भी पढ़ें- नेपाल में तबाही, भारत के सीमावर्ती जिलों पर कितना खतरा? नारायणी के उफान का समझिए पूरा कनेक्शन
नेपाल सड़क विभाग के इंजीनियर मौके पर पहुंच गए हैं, लेकिन त्रिशूली का बहाव इतना तेज है कि मरम्मत शुरू नहीं हो पा रही। अधिकारियों का कहना है कि सड़क को खोलने में कम से कम दो से तीन दिन लगेंगे।
सोनौली काठमांडू मार्ग बंद होने का असर भारत-नेपाल सीमा पर भी पड़ा है। सोनौली से काठमांडू जाने वाली बसें नारायणगढ़ में रोक दी गई हैं। टूर ऑपरेटरों ने यात्रियों को फिलहाल यात्रा टालने की सलाह दी है।
