रबी सीजन के लिए किसानों को मिलेंगे 497 क्विंटल मुफ्त बीज, ऑनलाइन बुकिंग और लॉटरी सिस्टम होगा वितरण
कृषि विभाग रबी सीजन में किसानों को 497 क्विंटल बीज मुफ्त बांटेगा, जिसमें गेहूं, तोरिया, राई-सरसों, चना, मसूर और मटर शामिल हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
कृषि विभाग रबी सीजन में 497 क्विंटल बीज मुफ्त बांटेगा।
गेहूं, तोरिया, राई-सरसों, चना, मसूर और मटर के बीज शामिल।
किसान ऑनलाइन बुकिंग और लॉटरी सिस्टम से प्राप्त कर सकेंगे।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। रबी सीजन में किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। जिले में रबी फसलों के लिए कुल 23,729 क्विंटल बीज उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इसमें से 497 क्विंटल बीज निश्शुल्क वितरित किया जाएगा। किसान कृषि विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग कर निश्शुल्क बीज योजना का लाभ ले सकेंगे। निश्शुल्क बीज का वितरण लाटरी सिस्टम के माध्यम से किया जाएगा।
कुल 23,729 क्विंटल बीज का लक्ष्य
रबी सीजन के लिए निर्धारित बीज में गेहूं, तोरिया, राई-सरसों, चना, मसूर और मटर शामिल हैं। जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि रबी सीजन में जिले के लिए कुल 23,729 क्विंटल बीज का लक्ष्य है। इसमें 48 क्विंटल गेहूं समेत कुल 497 क्विंटल बीज किसानों को निश्शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे निश्शुल्क बीज प्राप्त करने के लिए समय से पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग करें। बुकिंग के बाद निर्धारित प्रक्रिया और शर्तों के अनुसार लाटरी सिस्टम से चयनित किसानों को बीज उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके अलावा, शेष बीज किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर ब्लाक स्तर से उपलब्ध कराया जाएगा। इससे किसानों को रबी की प्रमुख फसलों के लिए गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के साथ-साथ खेती की लागत कम करने में भी मदद मिलेगी। विभाग का उद्देश्य रबी सीजन में किसानों को समय से गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराकर फसल उत्पादन को बढ़ावा देना है।
