PET Exam 2026: महराजगंज में अभेद्य सुरक्षा के बीच परीक्षा शुरू, चप्पे-चप्पे पर नजर
महराजगंज में 11 केंद्रों पर पीईटी परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई। अधिकारियों की निगरानी में गहन जांच के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश मिला, नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित की गई।

परीक्षा केंद्र के बाहर पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते एएसपी सिद्धार्थ। जागरण
HighLights
महराजगंज के 11 केंद्रों पर पीईटी परीक्षा कड़ी सुरक्षा में शुरू।
अभ्यर्थियों को गहन जांच के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश मिला।
अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा ले रहे।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 की प्रथम पाली की लिखित परीक्षा रविवार को महराजगंज जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। परीक्षा को सकुशल और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की निगरानी में अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया।
सुबह 10 बजे से प्रथम पाली की परीक्षा शुरू होने से लगभग एक घंटा पहले ही केंद्रों पर अभ्यर्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। जिले के 11 केंद्रों पर प्रत्येक पाली में 4872 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। शहर के जवाहर लाल नेहरू स्मारक पीजी कालेज के प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की गहन जांच की गई।
फ्रिस्किंग के बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्रों के अंदर प्रवेश की अनुमति दी गई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता की आशंका न रहे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने भी विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। परीक्षा के दौरान शुचिता बनाए रखने और किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए प्रशासनिक निगरानी जारी है।
यह भी पढ़ें- महराजगंज में प्रतिमा विसर्जन के दौरान तेज आवाज DJ से दुकानों के टूटे शीशे, दवाओं की सैकड़ों शीशियां गिरीं
इन विद्यालयों को बनाया गया है केंद्र
महराजगंज जिले में डा. भीमराव आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय, सेठ आनंदराम जयपुरिया इंटर कॉलेज आनंदनगर, लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज मथुरानगर, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज धनेवा-धनेई, महराजगंज इंटर कॉलेज, एंग्लो संस्कृत इंटर कालेज घुघली, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज आनंदनगर, जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कालेज के ब्लाक ए और बी तथा जीएसवीएस इंटर कालेज सहित 11 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।