विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पिथौरागढ़ में हुए भूस्खलन में महराजगंज के 15 श्रद्धालु फंसे, मानसरोवर यात्रा रद कर लौट रहे थे सभी

Published: Tue, 15 Sep 2026 10:30 AM (GMT+05:30)

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में भूस्खलन के कारण महराजगंज के 15 श्रद्धालु फंस गए हैं, जो आदि कैलाश-मानसरोवर यात्रा पर निकले थे।

News Article Hero Image

HighLights

  1. महराजगंज के 15 श्रद्धालु पिथौरागढ़ में भूस्खलन से फंसे।

  2. आदि कैलाश-मानसरोवर यात्रा पर निकले थे, रास्ता बंद हुआ।

  3. सड़क खुलने में दो-तीन दिन लगेंगे, वापसी में बाधा।

जागरण संवाददाता, महराजगंज। आदि कैलाश-मानसरोवर की यात्रा पर निकले महराजगंज के श्रद्धालु उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में भूस्खलन के कारण फंस गए हैं। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अशोक चौरसिया समेत 15 श्रद्धालु मंगलवार सुबह पिथौरागढ़ से रेलवे स्टेशन के लिए निकले थे।

इसी दौरान रास्ते में भूस्खलन होने से मार्ग बंद हो गया। स्थानीय प्रशासन के अनुसार रास्ता साफ होने में करीब दो दिन लग सकते हैं। फंसे स्थान से पिथौरागढ़ करीब 15 किलोमीटर दूर है, जबकि घटनास्थल से काठगोदाम वापस पहुंचने में करीब चार घंटे लग सकते हैं, लेकिन गाड़ियां नहीं मिल रही हैं।

श्रद्धालुओं का दल 12 सितंबर को गोरखपुर से ट्रेन के जरिये काठगोदाम एक्सप्रेस से रवाना हुआ था। 13 सितंबर को सभी श्रद्धालु काठगोदाम पहुंचे। इसके बाद सभी लोग नीम करौली और बागेश्वर धाम होते हुए 14 सितंबर की शाम पिथौरागढ़ पहुंचे थे।

पिथौरागढ़ पहुंचने के बाद श्रद्धालु आदि कैलाश-मानसरोवर की यात्रा पर जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान रास्ते में पुल टूट जाने की जानकारी मिली, जिसके कारण आदि कैलाश-मानसरोवर जाने का कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। यात्रा के लिए पहले से कराए गए टिकट भी कैंसिल कराकर श्रद्धालुओं ने 16 सितंबर को वापसी का टिकट करा लिया था।

WhatsApp Image 2026-09-15 at 10.10.41 AM (1)

श्रद्धालुओं के पास वापसी का संकट

मंगलवार सुबह वापसी की तैयारी में सभी श्रद्धालु पिथौरागढ़ से रेलवे स्टेशन के लिए निकले, लेकिन रास्ते में अचानक लैंडस्लाइड होने से मार्ग बंद हो गया। इससे श्रद्धालु रास्ते में ही फंस गए।

श्रद्धालुओं ने बताया कि स्थानीय प्रशासन के अनुसार रास्ता साफ होने में करीब दो से तीन दिन का समय लग सकता है। रास्ता खुलने के बाद भी पहले पिथौरागढ़ पहुंचना होगा। वहां से काठगोदाम जाने में करीब चार घंटे लगने की संभावना है। ऐसे में 16 सितंबर को निर्धारित वापसी यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ गई है।

WhatsApp Image 2026-09-15 at 10.10.41 AM

भूस्खलन में फंसे श्रद्धालुओं में केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अशोक चौरसिया, मणिकांत पटेल, मनोज कुमार यादव, शंभू प्रसाद वर्मा, अमित कुमार गुप्ता, राकेश पटेल, आनंद पटेल और काली चरन शामिल हैं। श्रद्धालुओं के अनुसार सभी लोग फिलहाल सुरक्षित हैं और रास्ता खुलने का इंतजार कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में ऊंची चोटियों पर मौसम की पहली बर्फबारी, नदी में समाया कैलास मानसरोवर मार्ग का बड़ा हिस्सा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।