महराजगंज में रिश्तेदार बनकर घर पहुंचा भाई का दामाद, खाते से उड़ाए 2.50 लाख रुपये
महराजगंज में एक महिला के भाई के दामाद ने रिश्तेदार बनकर उसके घर में घुसपैठ की। उसने महिला का मोबाइल ...और पढ़ें

HighLights
भाई के दामाद ने रिश्तेदार बनकर की धोखाधड़ी।
मोबाइल से सिम निकालकर खाते से ढाई लाख उड़ाए।
साइबर क्राइम थाने में आरोपी पर मुकदमा दर्ज।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। रिश्ते में महिला के भाई का दामाद, जो खुद को दूर का रिश्तेदार बताकर उसके घर पहुंचा। युवक बातचीत के दौरान महिला काे भावनात्मक रूप से उलझा लिया। इसके बाद उसका मोबाइल लेकर चुपके से उसमें लगा सिम निकाल लिया। महिला को इसकी भनक तक नहीं लगी।
कुछ दिनों बाद जब बैंक खाते से ढाई लाख रुपये निकलने की जानकारी हुई तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। मामले में साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने बिहार के नरकटियागंज स्थित अरेरिया निवासी बादल कुमार सोनी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
निचलौल थाना क्षेत्र के शीतलापुर खेसरहा निवासी सावित्री वर्मा का सेंट्रल बैंक आफ इंडिया की निचलौल शाखा में खाता है। खाते में दो लाख 50 हजार 174 रुपये जमा थे। उनके भाई मदन सिंदुरिया थाना क्षेत्र के जगदौर टोला शिकारगढ़ के निवासी हैं। मदन के दामाद बादल कुमार सोनी किसी काम से रिश्ते का हवाला देकर सावित्री के घर पहुंचे थे। परिचित और रिश्तेदार होने के कारण घर में उनके आने-जाने पर किसी तरह का संदेह नहीं हुआ।
बातचीत के दौरान बादल ने उनका मोबाइल लिया और चुपके से सिम निकाल लिया। इसके बाद एक से 16 मई 2026 के बीच उनके बैंक खाते से दो लाख 50 हजार रुपये निकाल लिए गए। खाते में जमा जीवनभर की बचत जैसी रकम निकलने की जानकारी होने पर वह परेशान हो गईं। पहले वह अपने स्तर से रकम निकाले जाने की जानकारी जुटाईं फिर भाई से शिकायत कीं। छानबीन में बादल की भूमिका सामने आने पर महिला के होश उड़ गए।
यह भी पढ़ें- महराजगंज में 14.13 करोड़ से की लागत से बनेंगी 32 ग्राम पंचायतों की सड़कें, जिला पंचायत ने तैयार की कार्ययोजना
महिला द्वारा रुपये लौटाने का आग्रह करने पर बादल ने रकम देने से इन्कार कर दिया। विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद पीड़ित महिला ने साइबर क्राइम थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी रसीद खां ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बैंक स्टेटमेंट और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- महराजगंज में गणित की परीक्षा देकर लौटे छात्र का फंदे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।