विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल में बाढ़ से बिगड़े हालात, सोनौली बॉर्डर पर वाहनों की लगी 12 किलोमीटर लंबी कतार

Published: Wed, 26 Aug 2026 07:40 PM (IST)

nepal flash flood नेपाल में बाढ़ के कारण भारत-नेपाल व्यापारिक आवागमन प्रभावित हुआ है, जिससे सोनौली सीमा पर मालवाहक वाहनों की 12 किलोमीटर लंबी कतार लग गई है।

सोनौली सीमा पर मालवाहक वाहनों की कतार

सोनौली सीमा पर मालवाहक वाहनों की कतार

HighLights

  1. नेपाल में बाढ़ से भारत-नेपाल व्यापारिक आवागमन प्रभावित।

  2. सोनौली सीमा पर 12 किमी लंबी मालवाहक वाहनों की कतार।

  3. काठमांडू मार्ग बाधित, चालकों-व्यापारियों को भारी परेशानी।

जागरण संवाददाता, महराजगंज। नेपाल में बाढ़ का असर भारत-नेपाल के व्यापारिक आवागमन पर भी पड़ने लगा है। नेपाल में कई मार्गों पर आवागमन प्रभावित होने के कारण काठमांडू समेत विभिन्न शहरों को जाने वाले मालवाहक वाहनों के पहिए थम गए हैं। इसका सीधा असर सोनौली सीमा पर दिखाई दे रहा है।

भारतीय सीमा क्षेत्र में मालवाहक वाहनों की 12 किलोमीटर लंबी कतार लग गई है। वाहनों के बढ़ते दबाव से चालकों और व्यापारियों की परेशानी बढ़ गई है। नेपाल जाने वाले मालवाहक सोनौली सीमा पर प्रवेश के इंतजार में खड़े हैं। नेपाल में बाढ़ के कारण कई मार्गों पर यातायात प्रभावित होने से आगे वाहनों की आवाजाही सुचारु नहीं हो पा रही है।

इससे सीमा पर मालवाहक वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। काठमांडू जाने वाले वाहनों के अलावा नेपाल के अन्य हिस्सों के लिए रवाना होने वाले वाहनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस स्थिति पर बनाए हुए हैं नजर

भारतीय सीमा में वाहनों की कतार नौतनवा क्षेत्र की ओर लगातार बढ़ती जा रही है। करीब 12 किलोमीटर तक मालवाहक वाहनों के खड़े होने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी बढ़ गई है। लंबी कतार में ट्रक और अन्य मालवाहक वाहन घंटों खड़े रहने को मजबूर हैं।

चालकों को वाहनों के आगे बढ़ने का इंतजार करना पड़ रहा है। सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। वाहनों की कतार को व्यवस्थित रखने के साथ ही सीमा क्षेत्र में यातायात सुचारु बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों की ओर से नेपाल की स्थिति और सीमा पर वाहनों की आवाजाही पर लगातार निगरानी की जा रही है।

व्यापारियों और वाहन चालकों का कहना है कि यदि नेपाल में मार्ग जल्द नहीं खुले तो सीमा पर मालवाहक वाहनों की कतार और लंबी हो सकती है। इससे दोनों देशों के बीच होने वाला व्यापारिक आवागमन प्रभावित होने के साथ माल की आपूर्ति में भी देरी हो सकती है।

क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह ने बताया कि सोनौली सीमा पर निगरानी बढ़ा दी गई है, सीमावर्ती थानाध्यक्षों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें- नेपाल में तबाही मचाने के बाद तेजी से यूपी की ओर बढ़ रहा बाढ़ का पानी, कुशीनगर और महराजगंज में हाई अलर्ट