विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महोबा में नशेड़ी युवकों का उत्पात: सात कारों, बसों और ई-रिक्शा को किया क्षतिग्रस्त, शॉपिंग मॉल पर फेंके पत्थर

Published: Sun, 24 May 2026 04:03 PM (IST)

महोबा में नशे में धुत युवकों ने विवाद के बाद सड़क किनारे खड़े सात कारों, एक बस और ई-रिक्शा सहित शॉपिंग मॉल को पत्थरों से क्षतिग्रस्त कर दिया।

क्षतिग्रस्त गाड़ियां

क्षतिग्रस्त गाड़ियां

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, महोबा। नशे में धुत युवकों का किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद उन्होंने अपना सारा गुस्सा सड़क किनारे खड़े वाहनों पर निकालना शुरू कर दिया।

उन्होंने सात कारों, बस व ई-रिक्शा को पत्थरों से क्षतिग्रस्त किया तो सामने स्थित शापिंग माल के गेट पर भी पत्थर फेंके। वाहन स्वामियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगालकर जल्द ही सभी आरोपितों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

शनिवार की देर रात 10-12 युवकों ने शहर के पुराने प्राइवेट बस स्टैंड परिसर में जमकर उत्पात मचाया। शराबियों ने बड़े-बड़े पत्थर से सात कारों को क्षतिग्रस्त किया और प्राइवेट बस व ई-रिक्शा में भी पत्थर मार कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया। इसका इंटरनेट मीडिया पर वीडियो भी प्रचलित हो रहा है।

हजारों का हुआ नुकसान

शॉपिंग माल में पत्थर फेंके पर इसके बंद होने के चलते ऊपर के डिस्प्ले में तीन छेद हो गए। करीब एक घंटे तक शराबियों का उत्पात चलता रहा और पुलिस को इसकी भनक नहीं लगी। स्थानीय व्यापारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि आरोपितों ने पहले लवकुशनगर तिराहे पर शराब पी और इसके बाद सभी यहां आए।

किसी बात पर उनका विवाद हो गया। गुस्साए शराबियों ने वैगन-आर, ऑल्टो, डिजायर, इंडिका, ब्रेजा, मारुति सुजुकी, इंडिगो गाड़ियों पर पत्थर फेंके। जिससे हजारों का नुकसान हुआ।

मौके पर पहुंचे शहर कोतवाली के उपनिरीक्षक सत्यम ने बताया कि एक युवक को हिरासत में लिया गया है, पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। सभी आरोपितों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- महोबा में ऐतिहासिक धरोहर पर चोरों की नजर; मंगलगढ़ किले की रियासतकालीन तोप को आरी से काट रहा था युवक, गोरखपुर का शातिर दबोचा