बदलते मौसम में मरीजों से पटा महोबा का जिला अस्पताल , ओपीडी में साढे़ 7 सौ से अधिक बीमार
महोबा में बदलते मौसम के कारण बुखार, सर्दी-जुकाम और एलर्जी के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
-1792752984250_m.webp)
जिला अस्पताल में 754 मरीज दर्ज हुए और एक वरिष्ठजन की बुखार से मौत हो गई।
HighLights
महोबा में बदलते मौसम से बुखार, सर्दी-जुकाम के मरीज बढ़े।
जिला अस्पताल में 754 मरीज, एक वरिष्ठजन की बुखार से मौत।
चिकित्सकों ने बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी।
जागरण संवाददाता, महोबा। बदलते मौसम में बुखार, सर्दी-जुकाम और एलर्जी के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। शुक्रवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 754 मरीजों का पंजीयन हुआ, जिनमें दो टाइफाइड पॉजीटिव मिले। वहीं बुखार से एक वरिष्ठजन की मौत हो गई। बच्चे और बुजुर्ग सर्वाधिक बीमार पड़ रहे हैं। चिकित्सकों ने ऐसे में विशेष एहतियात बरतने की सलाह दी है।
अक्टूबर अंतिम पड़ाव पर है और सुबह-शाम सर्दी का अहसास बढ़ने लगा है। मौसम के इस बदलाव से लोग बुखार, सर्दी-जुकाम, फेफड़ों और पेट में इंफेक्शन, खुजली, नाक-कान की एलर्जी की चपेट में आ रहे हैं। शुक्रवार को जिला अस्पताल में दो डेंगू सैंपल की जांच में कोई पॉजीटिव नहीं मिला, लेकिन 66 टाइफाइड टेस्ट में दो पॉजीटिव निकले।
जिले में पिछले करीब 2 माह से बुखार के मरीज आ रहे है। अब तक करीब 24 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। कबरई थाना क्षेत्र के ग्राम सुरहा निवासी 60 वर्षीय बल्लू को 2-3 दिन से बुखार आ रहा था। हालत बिगड़ने पर स्वजन अचेत अवस्था में जिला अस्पताल लाए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। स्वजन ने पोस्टमॉर्टम कराने से मना कर शव ले गए।
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. राजेश भट्ट ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। सुबह ठंडे पानी से स्नान न करें, शीतल खाद्य पदार्थों से बचें, स्वच्छ जल पीएं, घर का बना ताजा भोजन करें। बच्चों को सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनाएं और घर के अंदर रखें, ताकि बदलते मौसम में बीमारियों से बचाव हो सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।