विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महोबा में 'लू' का रेड अलर्ट: पारा 44 डिग्री पहुंचा, अस्पतालों में उमड़ी बीमारों की भीड़; 28 अप्रैल तक रहें सावधान

Published: Mon, 27 Apr 2026 03:04 PM (IST)

महोबा में पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से भीषण गर्मी पड़ रही है, जिससे सड़कें सुनसान और व्यापार प्रभावित ...और पढ़ें

सिर पर अंगौछा डालकर धूप से बचाव करते वृद्ध। जागरण

सिर पर अंगौछा डालकर धूप से बचाव करते वृद्ध। जागरण 

जागरण संवाददाता, महोबा। गर्मी अब पूरे शबाब पर दिख रही है। पारा 44 डिग्री पहुंचने से सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है। बाजार में गर्मी के कारण इक्का दुक्का ग्राहक पहुंचने से व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। वहीं सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों की भरमार है। उल्टी दस्त, पेट दर्द, बेचैनी आदि के मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है।

तेज धूप के चलते डिहाइड्रेशन से भी लोग प्रभावित हो रहे हैं। प्रशासन ने 28 अप्रैल तक भीषण लू चलने की एडवाइजरी जारी है और लोगों से अपील की है कि दोपहर 12 से चार बजे तक घरों से न निकलें। रविवार को भी अधिकतम 44 व न्यूनतम 31 डिग्री तापमान रहा और शाम को बादल छाने के साथ ही कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई।


अप्रैल माह के अंतिम दिनों में गर्मी अपने तेवर दिखा रही है। सुबह सात बजे से ही धूप इतनी तेज लगती है कि परेशानी होने लगती है। जैसे -जैसे दिन चढ़ने लगता है, वैसे ही तापमान जेती से बढ़ता जाता है। दोपहर 12 बजे तक सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है और शाम को ही चहल पहल नजर आती है। रात के समय भी गर्म हवाएं चलने से लोग परेशान है। जरूरी काम से निकलने वाले लोग गमछा, तौलिया, छाता आदि से शरीर को ढककर ही निकल रहे हैं।

गर्मी का प्रभाव कम करने के लिए लोग लस्सी, शिकंजी, पना, गन्ने और अन्य फलों का जूस, आइस्क्रीम, चुस्की, शर्बत आदि का सहारा ले रहे हैं। व्यापारी शेख अफजल व प्रशांत गुप्ता बताते है कि तेज धूप के चलते बाजार में सन्नाटा पसरा रहता है और इक्का दुक्का ग्राहक ही आते है।

जिला अस्पताल के चिकित्सक डा. राजेश भट्ट ने बताया कि अभी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ेगा। ऐसे मौसम में जरूरी काम होने पर ही धूप से बचाव कर निकलें, पर्याप्त पानी पिएं, ग्लूकोज, ओआरएस सहित एनर्जी ड्रिंक पीते रहे और बाहर खुले में रखे खाद्य पदार्थो से बचें।