बारिश में गिरा पक्का मकान, मलबे में दबने से वरिष्ठ दंपती की मौत, चार लोगों को रेस्क्यू कर निकाला
महोबा में लगातार बारिश के कारण एक पक्का मकान ढह गया, जिसमें दबकर एक बुजुर्ग दंपती की मौत हो गई। ...और पढ़ें
HighLights
महोबा में बारिश से पक्का मकान ढहा।
मलबे में दबकर बुजुर्ग दंपती की मौत।
चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जागरण संवाददाता, महोबा। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते जलभराव के साथ अब मकान गिरने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। थाना श्रीनगर क्षेत्र के ग्राम सिजहरी में मंगलवार रात पक्का मकान गिरने से मलबे में दबकर बुजुर्ग दंपती की मौत हो गई, जबकि चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पांच वर्षीय बच्ची मामूली रूप से घायल हुई है। बारिश के बीच करीब तीन घंटे तक रेस्क्यू चला। सीओ चरखारी दीपक दुबे ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उधर रक्षाबंधन के त्योहार से पहले हुई इस घटना से स्वजन बदहवास हैं।
घटना थाना श्रीनगर क्षेत्र के ग्राम सिजहरी में हुई। यहां के निवासी 70 वर्षीय चतुर्भुज उसकी पत्नी 68 वर्षीय बुधिया मंगलवार की रात्रि घर में परिवार के साथ सो रहे थे। नाती बृजेंद्र कहीं बाहर गया था। जबकि उसकी 30 वर्षीय पत्नी क्रांति, 5 वर्षीय बेटी सपना, वंदना व पुत्र अंशू पास में ही लेटे थे। वहीं दो पुत्र बल्दू व मट्टू अलग मकान में सो रहे थे। तभी रात्रि करीब 11 बजे दीवार धंसकने से पूरा मकान भरभराकर ढह गया और इसके मलबे में चतुर्भुज उर्फ चतुरा व बुधिया दब गए। तेज आवाज सुनकर भारी बारिश के बीच ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस भी पहुंची।
इसके बाद क्रांति व उसके बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि सपना भी मामूली रूप से घायल हो गई। जेसीबी बुलाकर करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद मलबे को हटाया गया। वरिष्ठ दंपती को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सक डा. दीपक ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रधान सिजहरी नरेश राजपूत ने बताया कि दीवार धंसकने से मकान भी गिर पड़ा और यह हादसा हो गया। एक बच्ची भी मामूली रूप से चुटहिल हुई। सीओ चरखारी दीपक दुबे ने बताया कि पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से राहत एवं बचाव कार्य करते हुए दोनों बुजुर्गों को मलबे से बाहर निकाला। जिला अस्पताल में उपचार दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मलबे में दबे अन्य चार लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला गया। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
