महोबा में छात्रों से बदसलूकी पर बड़ी कार्रवाई, शहर कोतवाल समेत चार पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
महोबा में सड़क निर्माण की मांग को लेकर बच्चों द्वारा लगाए गए जाम के दौरान पुलिस पर बदसलूकी के आरोपों पर बड़ी कार्रवाई हुई है।
-1787307142955_m.webp)
प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
छात्रों से बदसलूकी के आरोप में पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई।
शहर कोतवाल समेत चार पुलिसकर्मी लाइन हाजिर किए गए।
डीएम-एसपी ने गांव पहुंचकर बच्चों की समस्या सुनी।
जागरण संवाददाता, महोबा। बदहाल सड़क निर्माण की मांग को लेकर बुधवार को सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम रैपुराकला के बच्चों ने झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर जाम लगा दिया था। जिससे तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा था। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। छात्रों ने पुलिस पर बदसलूकी और जबरन सड़क से हटाने के आरोप लगाए थे।
गुरुवार को डीएम गजल भारद्वाज व एसपी शशांक सिंह ने गांव पहुंचकर बच्चों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनकर निस्तारण का भरोसा दिया। एसपी ने छात्रों के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक शहर कोतवाली मनीष कुमार पांडेय, हेकां. उमाशंकर शुक्ला, कां अरुण कुमार व अभिषेक पटैरिया को लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं थाना चरखारी के प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप सिंह को शहर की कमान सौंपी है।
जाम के दौरान एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रचलित हो रहा था, जिसमें कोतवाल मनीष पांडेय जबरन बच्चों को सड़क से हटाते दिख रहे हैं। कह रहे है कि हट जाओ यहां से.....जाम का क्या परिणाम होता है, देखना है क्या। वहीं कुछ छात्रों ने धमकाने, घसीटने और माता-पिता पर मुकदमा दर्ज कराने के भी आरोप लगाए थे, जिस पर यह कार्रवाई की गई।
उधर निरीक्षक, एसआई व सिपाही समेत कुल 21 पुलिस कर्मियों का भी जिला स्तर पर स्थानांतरण किया गया है। प्रभारी साइबर थाना निरीक्षक अर्जुन सिंह को महोबकंठ का प्रभार दिया गया है। यहां के प्रभारी रहे विनोद कुमार को थाना अजनर, प्रभारी डीसीआरबी निरीक्षक सत्यपाल सिंह को प्रभारी रिट सेल, थाना कबरई से निरीक्षक श्याम प्रताप पटेल को प्रभारी निरीक्षक साइबर थाना बनाया गया है।
प्रभारी न्यायालय सुरक्षा बलवान सिंह को कबरई, पुलिस लाइन से निरीक्षक विनाेद कुमार सिंह को प्रभारी न्यायालय सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई। पीआरओ एसपी एसआई राहुल मिश्रा को थानाध्यक्ष चरखारी बनाया गया।
वहीं थानाध्यक्ष सुभाषचंद्र को थानाध्यक्ष श्रीनगर, थाना पनवाड़ी के एसआई शिवम पांडेय को पीआरओ एसपी बनाया गया है। चौकी प्रभारी मेडिकल विनोद कुमार सिंह को चौकी प्रभारी मनियादेव व मेडिकल चौकी की जिम्मेदारी पवन गौड़ को सौंपी गई। कां लवलेश कुमार, अनिल कुमार आदि को पुलिस लाइन से यूपी-112 में भेजा गया।
