महोबा में लगातार बारिश से उफान पर नाले और बांध, 150 गांवों का संपर्क टूटने से लोग परेशान
महोबा में लगातार बारिश से बांध और नाले उफान पर हैं, जिससे किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं और 150 गांवों का संपर्क टूट गया है।

लगातार बारिश से उफान पर नाले और बांध।
HighLights
महोबा में लगातार बारिश से बांध और नाले उफान पर।
150 गांवों का संपर्क टूटा, फसलें बर्बाद, मकान ढहे।
लहचूरा बांध से धसान नदी में भारी पानी छोड़ा गया।
जागरण संवाददाता, महोबा। जिले में लगातार बारिश के चलते बांधों, रपटों और नालों का जलस्तर बढ़ गया है। नालों का पानी किसानों के खेतों में घुस रहा है, जिससे तिल और उड़द आदि की फसलें सड़ने लगी हैं। इससे किसानों में परेशानी बढ़ गई है। हालांकि प्रशासनिक टीम द्वारा खेतों का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया जा रहा है। जिले में इस बार दो लाख सात हजार हेक्टेयर में खरीफ की बोआई हुई है।
वहीं झांसी जनपद के पहाड़ी बांध और सुखनई नदी से जिले के महोबकंठ क्षेत्र में बने लहचूरा बांध में पानी आ रहा है। यहां से गुरुवार को सात गेट खोलकर 63,200 क्यूसेक पानी धसान नदी में छोड़ा गया।
जेई रामश्रय यादव ने बताया कि यहां से जुड़ी नहरें और नाले भी उफान पर हैं। आसपास के करीब 15 ग्रामों को अलर्ट किया गया है। इसके साथ ही खरेला का सीहो नाला, पनवाड़ी का ग्राम खमा स्थित रपटा आदि उफान पर होने से आसपास के करीब 150 ग्रामों का संपर्क एक दूसरे से टूट गया है। आवागमन में लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
वहीं जिले के ग्राम मकरबई में रामपाल कुशवाहा, छत्रपाल, गुलाब प्रजापति व ग्राम गंज में गायत्री देवी, विमल समेत करीब 20 से अधिक कच्चे मकान आंशिक या पूर्ण रूप से गिर गए। लोगों ने प्रशासन से क्षति का आंकलन कराकर मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।
बेलाताल प्रतिनिधि के मुताबिक कस्बे में बने रपटे में पानी भरने से बेलाताल, थुरट, अमानपुरा आदि ग्रामों के लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है।
वहीं शहर में भी दुबयानापुरा, जारीगंज, गांधीनगर समेत करीब 10 मुहल्लों में लोग जलभराव की समस्या से परेशान हुए। कुल मिलाकर लगातार हो रही बारिश से जहां मौसम खुशगवार हुआ तो वहीं जलभराव और मकान गिरने के साथ ही खेतों में पानी घुसने से लोग परेशान हुए।
