महोबा में सदर विधायक के घर पहुंचीं राज्यमंत्री, फिसली जुबान, कहा - बच्चों का भविष्य बर्बाद कर रही पीडीए सरकार
राज्यमंत्री कृष्णा पासवान महोबा में विधायक राकेश गोस्वामी के घर शोक व्यक्त करने पहुंचीं। इस दौरान उनकी जुबान फिसली और ...और पढ़ें

HighLights
राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने महोबा में शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं
उनकी जुबान फिसली, पीडीए सरकार पर विवादित बयान दिया
विपक्षी दलों पर हमला बोला, भाजपा सरकार के काम गिनाए
जागरण संवाददाता, महोबा। भाजपा के सदर विधायक राकेश गोस्वामी के बड़े भाई कृष्णकुमार गोस्वामी का तीन अगस्त को निधन हो गया था। शुक्रवार की देर शाम उप्र की पशुधन एवं दुग्ध विकास राज्य मंत्री कृष्णा पासवान उनके घर पहुंची और शोक संवेदनाएं व्यक्त की। पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की और विभागीय अधिकारियों को शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
उन्होंने सपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। हालांकि इस दौरान उनकी जुबान फिसली और गलती से कह दिया कि बच्चों का भविष्य खराब करने का काम यह पीडीए सरकार कर रही है। उनके इस बयान का वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रचलित हो गया।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के द्वारा प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जाने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि वह वर्ष 2002 से विधायक हैं और उन्होंने सपा शासन का दौर भी देखा है। उस समय प्रदेश में बिजली और पानी की स्थिति खराब थी। वर्तमान योगी सरकार में सड़क, बिजली और पानी के साथ ही हर क्षेत्र में योजनाओं पर बड़े स्तर पर काम हुआ है। भाजपा सरकार के विकास कार्यों का जवाब नहीं होने के कारण विपक्ष अब केवल पीडीए-पीडीए का नारा लगा रहा है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के केंद्र सरकार पर बच्चों और छात्रों की अनदेखी करने के आरोप पर मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं और छात्रों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। पेपर लीक जैसी घटनाओं में सरकार ने तत्काल कार्रवाई की और दोबारा पारदर्शी तरीके से परीक्षाएं कराई गईं। मंत्री ने कांग्रेस पर छात्रों के प्रदर्शन में शामिल होकर माहौल खराब करने और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा भी मौजूद रहे।
