मैनपुरी में राष्ट्रगान अपमान पर कांग्रेस का प्रदर्शन, सतीश महाना के खिलाफ FIR की मांग
मैनपुरी में कांग्रेसियों ने उन्नाव में राष्ट्रगान के दौरान विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के कथित वीडियो को लेकर विरोध प्रदर्शन ...और पढ़ें

HighLights
कांग्रेस ने मैनपुरी में कोतवाली पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।
विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। उन्नाव में राष्ट्रगान के दौरान उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के कार्यक्रम स्थल से चले जाने के कथित प्रसारित वीडियो को लेकर सोमवार को कांग्रेसियों ने विरोध जताया। प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर जिला व शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में जिलाध्यक्ष गोपाल कुलश्रेष्ठ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन किया।
इसके बाद कोतवाली प्रभारी को तहरीर देकर विधानसभा अध्यक्ष के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रसारित वीडियो में राष्ट्रगान के दौरान विधानसभा अध्यक्ष के मंच से नीचे उतरकर कार्यक्रम स्थल से जाते हुए दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। इससे राष्ट्रगान के सम्मान और संवैधानिक पद की गरिमा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।
उन्होंने मांग की कि प्रसारित वीडियो के साथ घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की निष्पक्ष जांच कराई जाए। कार्यक्रम आयोजकों, प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित अधिकारियों के बयान दर्ज कर वास्तविक घटनाक्रम सामने लाया जाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगान किसी राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं, बल्कि देश के सम्मान और गौरव का प्रतीक है।
यदि जांच में कानून का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम अधिनियम समेत लागू कानूनों के तहत कार्रवाई की जाए। हालांकि आपका अपना दैनिक जागरण अखबार प्रसारित वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
प्रदर्शन में शहर अध्यक्ष डा. नागेंद्र यादव, अजय दुबे, रमेश चंद्र वर्मा, कैलाश उपाध्याय, अनुपम शाक्य, डा. नवीन शर्मा, पीसी चतुर्वेदी, गौरव कुमार खेड़ा, हिमांशु सेन, मनोज चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।
