मैनपुरी में पीएनजी सप्लाई बाधित, 100 से अधिक घरों में नहीं जले चूल्हे; सिलिंडर को भटके लोग
मैनपुरी में गुरुवार सुबह आवास विकास कॉलोनी में भूमिगत लाइन में खराबी के कारण 100 से अधिक घरों में पीएनजी ...और पढ़ें

मैनपुरी में गुरुवार सुबह से पीएनजी सप्लाई बाधित है।
HighLights
भूमिगत लाइन में खराबी से आपूर्ति बाधित हुई।
कंपनी ने उपभोक्ताओं को सूचना नहीं दी, आरोप।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। शासन स्तर से रसोई गैस सिलिंडर के झंझट से मुक्ति दिलाने और पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है। जिले में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) को इसका जिम्मा दिया गया है। जिले में लगभग चार हजार से ज्यादा कनेक्शन बांटे जा चुके हैं।
जबकि शहर के एक हजार से अधिक घरों में यह सुविधा सुचारू भी हो चुकी है, लेकिन निगरानी व्यवस्था अभी मजबूत नहीं है। गुरुवार सुबह विभागीय दावों ने उपभोक्ताओं को फिर से झटका दे दिया। भूमिगत लाइन में फाॅल्ट के कारण आवास विकास कालोनी में 100 से भी ज्यादा घरों की सप्लाई प्रभावित हो गई।
गुरुवार सुबह लगभग सात बजे अचानक आवास विकास कालोनी के सेक्टर एक में पीएनजी की सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई। देखते ही देखते 100 से ज्यादा घरों के चूल्हे ठंडे पड़ गए। सुबह का समय होने के कारण घरों में समस्या बढ़ गई। बच्चों को स्कूल भेजने और कामकाजी लोगों को दफ्तर के लिए नाश्ता-खाना तैयार करने की आपाधापी के बीच गैस गायब होने से लोग बेबस नजर आए।
बिना सूचना बंद हुई गैस, दावों की खुली पोल
कंपनी की ओर से बेहतर और निर्बाध आपूर्ति के दावे तो किए जाते हैं, लेकिन संकट के समय इसकी कलई खुल गई। उपभोक्ताओं का आरोप है कि इतनी बड़ी तकनीकी खराबी आने के बाद भी कंपनी प्रबंधन की ओर से किसी के मोबाइल पर न तो कोई मैसेज भेजा गया और न ही फोन के माध्यम से फाॅल्ट की जानकारी दी गई।
उपभोक्ता काफी देर तक इस असमंजस में रहे कि आखिर समस्या क्या है? गैस सप्लाई बंद होने और कंपनी से कोई सूचना न मिलने के बाद लोगों को मजबूरी में वैकल्पिक प्रबंध तलाशने पड़े।
