हरियाणा से बिहार जा रहा था ट्रक, यूपी में हुई चेकिंग तो भागने लगा चालक, तिरपाल उठाकर देखा तो सबके उड़ गए होश
मैनपुरी में बिछवां पुलिस ने एक कैंटर से 23 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की, जिसे इलेक्ट्रानिक उपकरणों के बीच छिपाकर हरियाणा से बिहार ले जाया जा रहा था।

HighLights
मैनपुरी में कैंटर से 23 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त।
इलेक्ट्रानिक उपकरणों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही थी।
एक तस्कर गिरफ्तार, दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। बिछवां पुलिस के साथ एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम ने चेकिंग के दौरान इलेक्ट्रानिक्स उपकरणों के बीच कैंटर में छिपाकर बिहार ले जाई जा रही हरियाणा प्रांत की 23 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की।
कार्रवाई के दौरान टीम ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपित को जेल भेजकर फरार आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
यह है पूरा मामला
एएसपी नगर अरुण कुमार सिंह ने पुलिस लाइन के सभागार में जानकारी देते हुए बताया कि एसओ बिछवां आशीष दुबे और इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह चंदेल टीम के साथ शनिवार रात क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी कुरावली की ओर से आ रहे आयशर कैंटर के चालक को रुकने का इशारा किया तो चालक ने वाहन को दौड़ा दिया।
इस पर टीम ने पीछा कर कैंटर को रुकवा लिया। इस बीच उसमें से चालक और एक युवक उतरकर भागने लगे। घेराबंदी कर चालक को पकड़ लिया, लेकिन युवक फरार हो गया।
तिरपाल हटाकर जब कैंटर में देखा तो उसमें लदी बैटरी, इनवर्टर और फ्रिज के बीच में हरियाणा प्रांत की अंग्रेजी शराब की 23 पेटियां बरामद हुईं। थाने लाकर पूछताछ करने पर पकड़े गए चालक ने अपना नाम अजीत कुमार निवासी राजलपुर सोनई कुरावली बताया।
उसने बताया कि वह गाजियाबाद से तस्करी कर शराब को बिहार के समस्तीपुर ले जा रहा था। आरोपित ने अपने साथी का नाम ओमप्रकाश निवासी मुकारी बागपत बताया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
बिहार में 1500 से दो हजार रुपये में बेचते हैं एक बोतल
पकड़े गए तस्कर अजीत ने बताया कि वह ओमप्रकाश के साथ हरियाणा के गुरुग्राम से अलग-अलग माध्यम से शराब की पेटियां खरीदकर लाता था। वहां से वह लोग कैंटर में छिपाकर शराब को बिहार के समस्तीपुर ले जाते थे। वहां एजेंट को इसकी सप्लाई देते थे।
एजेंट 700 रुपये कीमत की शराब की एक बोतल को 1500 से 2000 हजार रुपये में बेचता था। इससे अर्जित होने वाली धनराशि को तीनों आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1.80 लाख रुपये बताई है।
