विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मैनपुरी कलक्ट्रेट में विधवा ने किया आत्मदाह का प्रयास, घर के रास्ते से कब्जा हटाने की है मांग

By Prateek Bhadoria Edited By: Prateek Gupta
Published: Mon, 31 Aug 2026 06:46 PM (IST)

मैनपुरी कलक्ट्रेट में एक विधवा महिला ने घर के रास्ते पर ससुरालियों द्वारा कब्जे के विरोध में आत्मदाह का प्रयास ...और पढ़ें

कलक्ट्रेट से महिला को जाती पुलिस।

कलक्ट्रेट से महिला को जाती पुलिस।

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। घर को जाने वाले रास्ता पर ससुरालीजन के कब्जे को हटवाने की मांग लेकर सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंची विधवा महिला ने दोपहर में खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। वहां तैनात पुलिस कर्मियों ने तत्काल महिला को रोक लिया और उन्हें महिला थाने भेजकर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।

कुरावली थाना क्षेत्र के गांव रामनगर निवासी विधवा समोली देवी सोमवार दोपहर दो बजे के करीब कलक्ट्रेट पहुंची। उन्होंने डीएम कार्यालय परिसर में ज्वलनशील पदार्थ से भरी बोतल अपने ऊपर उड़ेलना शुरू कर दिया। ये देख वहां तैनात महिला और पुरुष पुलिस कर्मियों ने दौड़कर महिला के हाथ से बोतल छीन ली

उनसे मामले के बारे में जानकारी ली। महिला ने आरोप लगाया कि करीब 20 साल पहले उनके मृतक पति ने चार बिस्वा भूमि खरीदी थी। वर्ष 2018 में पति की मृत्यु के बाद वह दिल्ली में मजदूरी करके बच्चों का भरण पोषण करती हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उन्होंने गांव में आवास भी बनवा लिया है।

परंतु जब भी वह दिल्ली से आती हैं तो ससुरालीजन उनके साथ मारपीट करते हैं। घर को जाने के लिए 10 फीट के रास्ते पर भी कब्जा कर लिया है। जिससे आवागमन में परेशानी होती है। कई बार शिकायत के बाद भी उन्हें निकलने के लिए रास्ता नहीं दिलाया गया। इसी वजह से वह आत्मदाह करने का प्रयास कर रही थीं

महिला को पुलिस थाने ले गई। जहां उच्चाधिकारियों को घटना बताने के बाद महिला को घर भेज दिया गया है। जिलाधिकारी डा. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि कुरावली एसडीएम को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।