जीरो बैलेंस पर भी नहीं कटेगी बिजली, मोबाइल पर आएगा मैसेज अलर्ट; मैनपुरी में स्मार्ट मीटर पर लगी रोक
मौजूदा स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं को 45 दिन तक डिस्कनेक्शन से छूट मिलेगी। बिल संबंधी अलर्ट मैसेज सेवा भी शुरू की जाएगी। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। स्मार्ट मीटर को लेकर समस्या से जूझ रहे उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत मिली है। शासन ने तकनीकी समिति की रिपोर्ट आने तक स्मार्ट मीटर पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। स्पष्ट आदेश जारी कर कहा है कि शून्य बैलेंस पर भी बिजली नहीं काटी जाएगी।
शासन ने दिया आदेश, तकनीकी समिति की रिपोर्ट आने तक स्मार्ट मीटर पर रोक
शनिवार को ऊर्जा मंत्री एके शर्मा द्वारा लखनऊ में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की जानकारी देते हुए अधीक्षण अभियंता विद्युत, मैनपुरी मुकेश कुमार ने बताया है कि मुख्यमंत्री द्वारा तकनीकी टीम गठित की गई है। टीम की रिपोर्ट आने तक अब स्मार्ट मीटर स्थापना पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है, जिनके यहां ये मीटर स्थापित हो चुके हैं, नेगेटिव बैलेंस पर आने वाले 45 दिन तक उनके कनेक्शन नहीं काटे जाएंगे। इतना ही नहीं, शून्य बैलेंस पर भी बिजली बंद नहीं होगी।
उपभोक्ताओं को मैसेज अलर्ट सेवा का लाभ दिया जाएगा
उन्होंने बताया कि बिल संबंधित जानकारी के लिए उपभोक्ताओं को मैसेज अलर्ट सेवा का लाभ दिया जाएगा। 30 प्रतिशत बैलेंस पर पहला, 10 प्रतिशत पर दूसरा, बैलेंस समाप्त होने पर तीसरा, डिस्कनेक्शन से एक दिन पहले चौथा और डिस्कनेक्शन के बाद पांचवां मैसेज भेजा जाएगा। गर्मी में बिजली संकट के निदान के लिए सभी लाइनों की मॉनिटरिंग कराने के भी आदेश दिए गए हैं।