विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 19, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

UP By Election: मायावती ने सपा के गढ़ में शाक्य पर खेला दांव, पढ़ें कौन हैं करहल सीट से प्रत्याशी अवनीश कुमार शाक्य

Published: Sat, 19 Oct 2024 07:27 AM (IST)

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने करहल विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी ...और पढ़ें

डा. अवनीश कुमार शाक्य (मध्य), नौशाद अली (बाएं) एवं मंडल को-आर्डिनेटर एवं पूर्व मंत्री गोरेलाल जाटव (दाएं)। जागरण
डा. अवनीश कुमार शाक्य (मध्य), नौशाद अली (बाएं) एवं मंडल को-आर्डिनेटर एवं पूर्व मंत्री गोरेलाल जाटव (दाएं)। जागरण

HighLights

  1. करहल सीट से बसपा ने एक बार भी नहीं चखा है जीत का स्वाद
  2. सपा ने तेज प्रताप सिंह यादव को दिया है टिकट

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। करहल विधानसभा सीट पर होने वाले उप चुनाव में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने शाक्य चेहरे पर दांव खेल दिया है।

शुक्रवार को पार्टी प्रमुख मायावती ने प्रत्याशी के नाम को हरी झंडी दे दी। भोगांव विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी रहे डा. अवनीश कुमार शाक्य को पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है। पार्टी पदाधिकारियों द्वारा पत्रकार वार्ता में उनके नाम की घोषणा की गई।

लोकसभा चुनाव के बाद से ही बसपा ने करहल उप चुनाव की तैयारी आरंभ कर दी थी। पदाधिकारियों का विशेष जोर विधानसभा क्षेत्र के कैडर वोट बैंक तक पहुंचने पर ही थी। पदाधिकारियों द्वारा निरंतर बैठकों का क्रम जारी थी। टिकट को लेकर सात लोगों ने अपने आवेदन दिए थे। जिसमें कस्बा करहल निवासी दो शाक्य पदाधिकारियों के साथ पाल, लोधी और यादव समाज के पदाधिकारी भी शामिल थे। निरंतर तीन दिन से लखनऊ में प्रत्याशी के नाम पर मंथन चल रहा था।

करहल सीट पर शाक्य मतदाता हैं दूसरे नंबर पर

गुरुवार रात बसपा प्रमुख मायावती द्वारा प्रत्याशी का चयन कर लिया गया। करहल विधानसभा सीट पर यादव मतदाताओं के बाद शाक्य मतदाता दूसरे नंबर पर हैं। ऐसे में बसपा ने शाक्य चेहरे को प्राथमिकता दी है। शुक्रवार दोपहर दीवानी रोड स्थित डीआर मैरिज होम में पत्रकारों से वार्ता करते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी एवं पूर्व एमएलसी नौशाद अली एवं आगरा मंडल प्रभारी गोरेलाल जाटव ने डा. अवनीश कुमार शाक्य के नाम की बतौर प्रत्याशी घोषणा कर दी।

मायावती ने की करहल से प्रत्याशी के नाम की घाेषणा।

आवास विकास में क्लीनिक संचालित करते हैं अवनीश कुमार

मूल रूप से भोगांव विधानसभा क्षेत्र के गांव मानिकपुर निवासी डा. अवनीश नगर के आवास विकास कॉलोनी में क्लीनिक संचालित करते हैं। वर्ष 2018 से निरंतर विधानसभा क्षेत्र भोगांव के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इस मौके पर मंडल को-ऑर्डिनेटर दीपक पेंटर, जिलाध्यक्ष प्रेमचंद्र शाक्य आदि मौजूद रहे। 

ये भी पढ़ेंः खैर विधानसभा उपचुनाव: 2002 में कांग्रेस ने जीत चखी, भाजपा फिर चाहेगी कमल खिलाना; BSP और सपा-कांग्रेस भी हैं बेकरार

ये भी पढ़ेंः UP News: और बेघर हो गए 80 परिवार...बहजोई में कांच फैक्ट्री की विवादित 17 बीघा जमीन पर बने घर कराए खाली, PHOTOS

करहल विधानसभा उपचुनाव के लिए खरीदे गए 14 नामांकन

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के इस्तीफे से रिक्त करहल विधानसभा के उपचुनाव की प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई है। चुनाव अधिसूचना जारी होने के बाद पहले दिन 14 नामांकन खरीदे गए। पुलिस सुरक्षा के बीच नामांकन खरीदने वालों को शिवमंगल सिंह क्लब पानी की टंकी के गेट से कलेक्ट्रेट में प्रवेश दिया गया। पुलिस ने दावेदार और उनके समर्थकों की तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया।

कलेक्ट्रेट में प्रवेश के दौरान युवक से पास दिखाने को कहता गेट नंबर एक पर तैनात पुलिस कर्मी। जागरण

तेज प्रताप के लिए खरीदे चार सेट

चुनाव अधिकारी द्विवेदी के अनुसार नामांकन के पहले दिन सात लोगों की ओर से 14 नामांकन खरीदे गए हैं। सपा के तेज प्रताप सिंह यादव के लिए जिलाध्यक्ष आलोक शाक्य ने चार सेट और बसपा प्रत्याशी डा. अवनीश कुमार शाक्य के लिए पहले दिन ही नामांकन पत्र खरीदा गया है। इसके अलावा अन्य दलों के प्रत्याशियों द्वारा भी नामांकन पत्र खरीदे गए हैं। पुलिस के रहे कड़े इंतजाम नामांकन के पहले दिन कलेक्ट्रेट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।

गेटों पर पुलिस की तैनाती

एसपी विनोद कुमार के निर्देश पर परिसर को छावनी में तब्दील किया गया। यहां गेट नंबर एक से प्रत्याशियों को प्रवेश दिया जा रहा है। गेट दो, तीन और चार को बंद कर यहां पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। कलेक्ट्रेट पर जाने वाले कर्मियों को पास के साथ प्रवेश दिया जा रहा है।

एएसपी सिटी राहुल मिठास, सीओ सिटी अजय सिंह चौहान ने इंस्पेक्टर कोतवाली फतेह बहादुर सिंह भदौरिया के साथ कलेक्ट्रेट का निरीक्षण सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल की। एएसपी ने पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने और बिना पास के किसी को प्रवेश ना देने के निर्देश दिए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।