विधानसभा चुनाव से पहले सपा सुप्रीमो ने फिर यादव पर लगाया दांव, मथुरा में वीरेंद्र को दी बड़ी जिम्मेदारी
विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव ने मथुरा में वीरेंद्र यादव को फिर से समाजवादी पार्टी का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया ...और पढ़ें

HighLights
अखिलेश यादव ने वीरेंद्र यादव को फिर सपा जिलाध्यक्ष बनाया।
विधानसभा चुनाव से पहले संगठन मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी।
पहले भंग की गई कार्यकारिणी के बाद यह नई नियुक्ति है।
जागरण संवाददाता, मथुरा। विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मथुरा में सजातीय पर दांव लगाया है। फिर से जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी वीरेंद्र यादव को सौंपी है। उनको संगठन मजबूत करने के लिए कहा गया है। अब एक बार फिर जिले की नए सिरे से कार्यकारिणी गठित की जाएगी।
जिले में सपा का सजातीय वोट बैंक अधिक नहीं है। जाट-ठाकुर बहुल जिले में अब तक हुए लोकसभा व विधानसभा के चुनाव में सपा एक भी सीट से खाता नहीं खोल सकी है।
एक बार फिर वीरेंद्र यादव को दी सपा जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने 19 जुलाई, 2024 को अजित सिंह को हटाकर सपा जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी बरारी के वीरेंद्र यादव को दी थी। तब से वह संगठन की जिम्मेदारी संभालते आ रहे थे। 16 जुलाई को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव समेत जिले की पूरी कार्यकारिणी एवं सभी फ्रंटल संगठनों को निष्क्रिय कर दिया था। तब से सपा संगठन जिले में निष्क्रिय चल रहा था।
बीते महीने सपा सुप्रीमो ने भंग की थी जिले की पूरी कार्यकारिणी
शनिवार को पार्टी अध्यक्ष ने एक बार फिर सजातीय वीरेंद्र यादव पर दांव लगाया है। उनको जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है। अब जिला कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ अब सपा जल्द ही अन्य पदाधिकारियों की घोषणा कर सकती है। जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने कहा कि वह अपनी जिम्मेदारी को कर्तव्यनिष्ठा व पूरी मेहनत से निभाएंगे।
यह भी पढ़ें- अखिलेश यादव पत्नी डिंपल संग करेंगे रामलला के दर्शन, 12 दिसंबर को आएंगे अयोध्या
महानगर अध्यक्ष पर ताजपोशी, फिर निष्कासन चर्चा में
समाजवादी पार्टी द्वारा गुरुवार को महानगर अध्यक्ष पद पर बीते दिनों निष्कासित पूर्व प्रदेश सचिव भारत भूषण शर्मा को निर्वाचित किया गया था। बिना बहाल निर्वाचन को लेकर पार्टी के निवर्तमान व पूर्व पदाधिकारी हैरान रह गए थे। इस मामले से पार्टी हाईकमान को अवगत कराया गया। इस पर शुक्रवार शाम भारत भूषण शर्मा का निर्वाचन निरस्त कर दिया गया। यह मामला शनिवार को दिनभर चर्चा में रहा।