हेमा मालिनी का साक्षात्कार: यमुना शुद्धिकरण से मेट्रो तक मथुरा का विजन, जानिए सांसद के बड़े लक्ष्य
Hema Malini Interview: सांसद हेमा मालिनी ने मथुरा के विकास पर बात की, जिसमें यमुना शुद्धिकरण, ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा ...और पढ़ें

Hema Malini Interview: भाजपा सांसद हेमा मालिनी।
HighLights
यमुना शुद्धिकरण और ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग चौड़ीकरण लक्ष्य
मथुरा में मेट्रो और मथुरा-कासगंज रेल मार्ग दोहरीकरण की योजना
आगरा-दिल्ली हाईवे पर कई अंडरपास और ओवरब्रिज बनेंगे
जागरण संवाददाता, मथुरा। Hema Malini Interview: शास्त्रीय नृत्यांगना, फिल्म अभिनेत्री और अब सांसद हेमा मालिनी। ब्रज के विकास पर लगातार मुखर सांसद अपने सपनों को लेकर जीती हैं। वह ब्रज में यमुना की धारा को निर्मल देखना चाहती हैं। ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा के चौड़ीकरण का भी लक्ष्य है। निडर और बेबाक हेमा इस मामले में किसी अड़ंगे से रुकने को तैयार नहीं हैं। कहती हैं, यह काम हर हाल में होकर रहेंगे।
जिले के विकास पर जागरण से शनिवार को उन्होंने सीधी बात की। फिल्मों में अब न आने के सवाल पर कहा कि अब वैसी पारिवारिक फिल्में नहीं बनती हैं। उनसे हुई बातचीत के प्रमुख अंश...
सवाल: आप 2014 से लगातार सांसद हैं। आपको लगता है कि इस दौरान विकास कार्य हुए हैं?
जवाब: मैं पहली बार सांसद बनी तो मेरे सामने कई चुनौतियां थीं। जिले की स्थिति बहुत खराब थीं। मुंबई से आई तो मथुरा छोटे गांव की तरह दिख रहा था। मैंने काफी सड़कें और पुल बनवाए। दूसरे विधायकों में भी इसे लेकर सक्रियता बढ़ी। पीने के पानी की व्यवस्था की।
सवाल: आगरा-दिल्ली हाईवे पर काफी समय से अंडरपास और ओवरब्रिज की मांग है, अभी इन पर काम शुरू नहीं हो पाया।
जवाब: मैंने खुद रेलवे और राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय में प्रयास किया। कोसीकलां और कोटवन में अंडरपास बनेंगे इसी में यूटर्न की व्यवस्था रहेगी। जैंत और राधापुरम एस्टेट में भी दो अंडरपास बनेंगे। बाद और फरह में रेलवे ब्रिज को फोरलेन के स्थान पर सिक्सलेन किया जाएगा। इन सबके लिए जुलाई के अंत तक टेंडर प्रक्रिया पूरी होगी। नरहौली पुल और बाजना पुल के चौड़ीकरण के लिए मंत्रालय में वित्तीय स्वीकृति के लिए फाइल लंबित है।

सांसद हेमा मालिनी। जागरण
सवाल: परिषदीय स्कूलों की स्थिति अभी बहुत अच्छी नहीं है,इसके लिए आपकी ओर से क्या प्रयास किए गए?
जवाब: जब सांसद बनी तो देखा कि परिषदीय स्कूलों में बच्चे जमीन पर बैठकर पढ़ाई करते हैं। यह देख पीड़ा हुई। हमने अपनी सांसद निधि का भरपूर उपयोग स्कूलों के लिए किया। विभिन्न कंपनियों के सीएसआर फंड का भी उपयोग फर्नीचर में किया।
सवाल: यमुना का जल आचमन योग्य नहीं बन पा रहा है?
जवाब: नमामि गंगे योजना के तहत काम शुरू हुआ है। काफी हद तक काम हो भी गया है। चार नाले टेप होने रह गए हैं। वृंदावन में एसटीपी बनकर चालू हो गई है। गोकुल बैराज की एसटीपी पर काम चल रहा है। एक से दो माह में काम चल रहा है। इसके बाद जो भी नाले बचे हैं, वह भी टेप कर दिए जाएंगे।
सवाल: ब्रज चौरासी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के प्रयास आगे नहीं बढ़ सके। कारण क्या रहा।
जवाब: कुछ लोग इसमें अड़ंगा लगा रहे हैं। वह नहीं चाहते हैं कि ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग सुधरे। हमने भी तय कर लिया है कि यह ब्रज की आत्मा का मार्ग है, हम इसे चौड़ा और सुंदर बनाकर ही रहेंगे।
सवाल:मथुरा-वृंदावन रेल मार्ग के स्थान पर सड़क चौड़ीकरण कब तक होना है।
जवाब: ब्रजवासियों की मांग को देखते हुए रेल मार्ग के स्थान पर सड़क मार्ग विकसित करा रहे हैं। रेलवे की भूमि लेने के लिए 450 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इस धनराशि का जल्द भुगतान हो और आगे की प्रक्रिया होगी। भविष्य में मेट्रो भी चलेगी।
सवाल: आपकी भविष्य की क्या योजनाएं हैं। जिससे आम लोगों को सीधा फायदा मिले?
जवाब: मुझे बड़ा दुख होता है कि यहां स्थित काफी खराब थी। मैं विजन लेकर आई। मैं चाहती थी कि यहां एयरपोर्ट बने,संसद में लड़ी भी। लेकिन नहीं बन सका। हवाई पट्टी बनवाने का प्रयास है। हमारी प्राथमिकता में मथुरा-कासगंज रेल मार्ग दोहरीकरण है। जल्द ही यह काम होगा।
सवाल: अब आप फिल्मों में सक्रिय नहीं दिखाई देतीं?
जवाब: अब फिल्मों में माहौल बदल गया है। काफी मारधड़ वाली फिल्में हैं। हमने ऐसी फिल्मों में काम किया, जिसे पूरे परिवार के साथ बैठकर देखा जा सकता है। अगर उसी तरह का भूमिका मिले तो फिल्म में काम कर लूंगी।
