वृंदावन: यमुना में मोटर बोट पलटने से पंजाब के 10 श्रद्धालुओं की मौत, बचाव कार्य में जुटी सेना व SDRF; कई अब भी लापता
वृंदावन के केशी घाट पर यमुना में मोटर बोट पलटने से पंजाब के 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 5 लापता हैं। 22 लोगों को बचाया गया। ...और पढ़ें

मथुरा में यमुना नदी में मोटर बोट पलटने से 10 लोगों की मौत हो चुकी है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, मथुरा। केशीघाट पर यमुना नदी में शुक्रवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसा हो गया। यमुना में नौकाविहार कर रहे पंजाब के श्रद्धालुओं की मोटर बोट पैंटून पुल के बहते हुए पीपे से टकराकर पलट गई, जिससे उसमें सवार चालक समेत 37 श्रद्धालु डूब गए।
गोताखोरों ने 22 लोगों को बचा लिया। हादसे में सात महिलाओं समेत 10 श्रद्धालुओं की डूबने से मौत हो गई, जबकि चालक समेत पांच लोग लापता हैं। सेना और एसडीआरएफ की टीमों ने अभियान चलाया। देर रात जेनरेटर से रोशनी कर तलाश की गई, लेकिन लापता लोगों का पता नहीं चल सका।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हादसे पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्ति की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए राहत के निर्देश दिए हैं। मामले में भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण की बड़ी लापरवाही सामने आ रही है।

केशी घाट और मांट घाट के बीच बने पैंटून पुल के पीपों को दोपहर में कसा जा रहा था, लेकिन इस दौरान बोट की आवाजाही नहीं रोकी गई। सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आलम यह था कि किसी भी श्रद्धालु को लाइफ जैकेट नहीं पहनाई गई थी।
खबरें और भी
शुक्रवार सुबह पंजाब के मोगा, श्री मुक्तसर साहिब और लुधियाना से दो बसों में 132 श्रद्धालु वृंदावन पहुंचे थे। ये राधाकृष्ण गेस्ट हाउस में ठहरे थे। कुछ श्रद्धालु दोपहर में निधिवन दर्शन के लिए निकले। वहां दर्शन कर श्रद्धालुओं का एक जत्था दोपहर तीन बजे यमुना में नौकाविहार को केशी घाट पहुंचा।
मांट घाट तक के लिए 36 श्रद्धालु एक मोटरबोट पर सवार हो गए। श्रद्धालुओं को लेकर मोटर बोट निकल पड़ी। यह 15 मिनट ही चल पाई थी कि वहां कसे जा रहे पैंटून पुल का एक पीपा तेज हवाओं के चलते बहता हुआ आया और मोटर बोट से जा टकराया। टक्कर इतनी जोर की थी कि टकराने के बाद अनियंत्रित होकर बोट पलट गई। बोट पलटते ही चीख-पुकार मच गई।
मृतकों में सात भजन गायक लवी बहल के सगे-संबंधी
मृतकों में सात श्रद्धालु यात्रा लेकर गए लुधियाना के जगराओं निवासी भजन गायक लवी बहल के सगे-संबंधी हैं। मृतकों में लवी की मां कविता बहल, भाई मधुर बहल, चाचा चरणजीत बहल व चाची पिंकी बहल, बुआ अंजू गुलाटी, फूफा राकेश गुलाटी और आशा मिड्ढा शामिल हैं।
57 वर्षीय आशा भिवानी से गई थीं। वह इन लोगों से मुरथल में मिलीं और वहां से साथ वृंदावन गईं। मृतकों में मीनू बंसल और सपना हंस मोगा के तथा ईशान कटारिया जगरांव के रहने वाले थे।

25 मोटर बोट और 350 सदस्यों का राहत दल
दोपहर सवा तीन बजे हुए हादसे के बाद यमुना तट पर राहत और बचाव अभियान देर रात तक युद्ध स्तर पर चलाया गया। 25 मोटर बोट के साथ सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, पीएसी और स्थानीय गोताखोरों समेत 350 सदस्यों के रात दल ने आधी रात तक यमुना को खंगाल डाला।
लगभग आधा घंटे में 22 श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाल लिया गया। रात आठ बजे पुलिस ने डूबी हुई मोटर बोट को नदी से निकाल लिया, लेकिन लापता चालक समेत पांच श्रद्धालुओं का पता नहीं चल सका। डीआईजी शैलेष पांडेय ने बताया कि सेना के स्ट्राइक वन फोर्स के गोताखोर व एसडीआरएफ की टीम भी राहत कार्य में जुटी हैं।
भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण की है जिम्मेदारी
वृंदावन से मांट को जोड़ने के लिए पैंटून पुल का निर्माण लोक निर्माण विभाग ने कराया था। वर्तमान में केशीघाट पर रिवर फ्रंट का काम भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण करा रहा है। ऐसे में पुल को खोलने और उसे जोड़ने की जिम्मेदारी प्राधिकरण की है, लेकिन सुरक्षा के इंतजाम प्राधिकरण की ओर से नहीं किए गए।
हालांकि प्राधिकरण के प्रोजेक्ट मैनेजर पीयूष यादव ने किसी भी तरह की गलती से इन्कार किया। मोटर बोट में सवारियां अधिक थीं और बोट खुद पैंटून पुल से टकरा गई।

पीएम ने की पीड़ितों के लिए मदद की घोषणा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एक्स पर शोक संतृप्त परिवारजनों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करते हुए घायल लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य की कामना की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हादसे मारे गए लोगों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
घायल हुए लोगों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे। मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा कि वृंदावन में हुई दुर्घटना अत्यंत हृदयविदारक है। घायलों को त्वरित चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।