Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 07, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    कान्हा की भक्‍त‍ि में सराबोर हुई ब्रजभूम‍ि, घर-घर जन्मोत्सव की तैयारियां; आज जन्मेंगे कृष्ण कन्हाई

    By Jagran NewsEdited By: Prabhapunj Mishra
    Updated: Thu, 07 Sep 2023 09:12 AM (IST)

    Janmashtami 2023 लाला के स्वागत को लीलाभूमि सज गई है। हर ओर खुशियां छाई हैं। कान्हा के आगमन की खुशी में ब्रजवासियों के चेहरे दमक उठे हैं। हर घर जन्‍मो ...और पढ़ें

    Janmashtami 2023: श्रीकृष्ण जन्मस्‍थान में देर रात लगी भक्‍तों की भीड़
    Janmashtami 2023: श्रीकृष्ण जन्मस्‍थान में देर रात लगी भक्‍तों की भीड़

    HighLights

    1. लाला का जन्‍म उत्सव मनाने को देश-विदेश से ब्रज पहुंच रहे श्रद्धालु, सड़कोंं पर हजारों की भीड़
    2. ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन को एंट्री पास, आसानी से होंगे दर्शन, प्रशासन की तैयार‍ियां पूरी

    मथुरा, जागरण संवाददाता। अब वह क्षण आने वाला है, जिसका ब्रजवासियों को पूरे वर्ष इंतजार रहता है। गुरुवार को ब्रज में पालनहार कान्हा का जन्म होगा। अजन्में के जन्म की खुशी में लीलाभूमि को दुल्हन की तरह सजाया गया है। हर ओर उल्लास पसरा है। हर चेहरे पर कान्हा के स्वागत की दमक है। जन्मस्थान से लेकर घर-घर कान्हा के जन्मोत्सव की तैयारियां चल रही है।

    कान्हा के जन्‍मोत्‍सव को लेकर हर घर में उत्‍सव

    कहीं पकवान बनाए जा रहे हैं, कहीं मंदिरों को सजाया जा रहा है। मथुरा के मठ मंद‍िरों में तीन दिवसीय उत्सव बुधवार से प्रारंभ हो गया है। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए जगह-जगह भंडारे लगाकर प्रसाद बांटा गया। अजन्मे के जन्म का उत्सव मनाने को देश और विदेश से लोग ब्रज पहुंच गए। गुरुवार को रात 12 बजे शंखनाद के बीच कान्हा का जन्म होगा। बाजारों से लेकर घरों तक में रौनक छाई है। बुधवार को दिन भर मंदिरों को सजाया गया और घरों में साफ-सफाई की गई।

    जिला प्रशासन ने लाला के जन्‍मोत्‍सव की तैयर‍ियां की पूरी

    जन्मोत्सव पर कान्हा और उनकी लीलाभूमि के दर्शन के लिए लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचने लगे हैं। पर्यटन विभाग ने 25 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान लगाया है, लेकिन बुधवार को ब्रज में आई भीड़ से ये अनुमान है कि ये आंकड़ा पार कर जाएगा। मथुरा समेत पूरे जिले में गुरुवार को जन्मोत्सव मनाया जाएगा, लेकिन नंदगांव में शुक्रवार को जन्म का उत्सव होगा। वहां रक्षाबंधन के बाद गोपद गणना से जन्म उत्सव मनाया जाता है। शुक्रवार को नंदोत्सव मनेगा। इसमें उपहार लुटाए जाएंगे। कान्हा के स्वागत के लिए जिला प्रशासन ने भी पूरी तैयारी की हैं।

    पैरों में पड़े छाले, अब दर्शन दे दो मुरली वाले

    60 बरस की उम्र में हरियाणा के हिसार निवासी भगवान दास कान्हा की नगरी में आए हैं। वह पहली बार यहां ठाकुर के दर्शन करने आए हैं। चार किमी पैदल चलकर पूरे शहर घूमा। पैरों में छाले पड़ गए, लेकिन उत्साह कम नहीं। बोले, मुरलीवाले के दर्शन करने आए हैं। भगवान दास जैसे लाखों श्रद्धालु ऐसे हैं, जो कान्हा के घर उनके जन्म के उत्सव में शामिल होने पहुंचे, लेकिन होटल और गेस्ट हाउस में रहने की क्षमता नहीं थी। लेकिन कान्हा से ऐसी प्रीत लगी कि सड़कों के फुटपाथ, डिवाइडर जिसे जहां जगह मिली, वहीं लेट गया। उचित जगह की तलाश कर वहीं सो जा रहा है।

    खबरें और भी

    राधारमण में दिन में जन्मेंगे कान्हा, इस्कान में कटेगा केक

    राधारमण मंदिर में गुरुवार को सुबह नौ बजे कान्हा का जन्मोत्सव मनेगा। इसके पीछे मान्यता ये है कि राधारमण लालजू के श्रीविग्रह का प्राकट्य दिन में हुआ था। इसलिए यहां दिन में जन्मोत्सव मनाया जाता है। इसी तरह सप्त देवालय में शामिल राधा दामोदर मंदिर और गोकुलानंद मंदिर में भी दिन में कान्हा का अभिषेक होगा। वर्जन

    जन्मोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। किसी तरह श्रद्धालुओं को दिक्कत न हो, इसका पूरा ध्यान रखा गया है। मथुरा-वृंदावन को 27 सेक्टर और छह जोन में बांटा गया है। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में भी मंगला आरती के दौरान किसी को दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।

    शैलेंद्र कुमार सिंह, डीएम