Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मथुरा-वृंदावन फोरलेन पर सीएम योगी की मुहर: चार साल का संघर्ष रंग लाया, 70 फीसदी कम होगा जाम

    Updated: Sun, 08 Mar 2026 07:41 AM (IST)

    इस नई सड़क से मथुरा-वृंदावन की तरक्की का मार्ग खुलेगा, 70 प्रतिशत तक जाम की समस्या कम होगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। यह क्षेत्र के विक ...और पढ़ें

    फाइल।

    फाइल।

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, मथुरा। मथुरा-वृंदावन के बीच रेल ट्रैक हटाकर इस पर फोरलेन सड़क मार्ग बनाने का शनिवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया। लेकिन यह काम एक-दो दिन में नहीं हुआ। ब्रजवासियों ने चार साल संघर्ष किया। सैकड़ों पत्राचार किए। आंदोलन की हुंकार भरी।

    लखनऊ-दिल्ली तक चक्कर लगाए। अब मेहनत रंग लाई तो ब्रजवासी उत्साहित हैं। कहते हैं यह फोरलेन केवल सड़क नहीं है, मथुरा-वृंदावन की तरक्की का नया मार्ग है। अर्थव्यवस्था को पंख तो लगेंगे ही 70 प्रतिशत तक जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी।

    2022 से संघर्ष कर रहे थे ब्रजवासी, आंदोलन हुए, बैठकें हुईं, डिगे नहीं, अब मांग पूरी

    मथुरा-वृंदावन का रेल ट्रैक करीब 150 वर्ष पुराना है। करीब दो दशक पहले यहां से ट्रेन का आवागमन बंद कर दिया गया। इसके बाद रेल बस का संचालन किया गया। मथुरा जंक्शन से वृंदावन तक रेल बस से यात्री आते-जाते थे।

    वर्ष 2022 में रेलवे ने इस रेल ट्रैक को ब्राडगेज करने की योजना बनाई और मथुरा से वृंदावन के बीच हर 15 मिनट में ट्रेन चलाने की कार्ययोजना तैयार की। लेकिन ट्रैक पर कई स्थानों पर अंडरपास और फुट ओवरब्रिज बनाए जाने थे। इससे शहर दो हिस्सों में बंट जाता। शहर का विकास रुकता, जलभराव और जाम की समस्या अलग होती।

    खबरें और भी

    बोले, रेल ट्रैक ब्राडगेज होता तो विकास रुकता, अब 70 प्रतिशत कम हो जाएगी जाम की समस्या

    ब्रजवासियों ने इस मर्म को समझा और फिर आंदोलन की हुंकार भर दी। तर्क किया कि इस पर सड़क बनाई जाए। भविष्य में एलिवेटेड मेट्रो रेल ट्रैक बनाया जा सकता है। सांसद हेमा मालिनी की पहल पर रेल अधिकारियों से वार्ता हुई। कई दौर की वार्ता और सैकड़ों पत्राचार के बाद आखिर वर्ष 2025 में रेलवे ने रेल ट्रैक को स्थाई रूप से बंद करने की घोषणा कर दी। इस पर तब से सड़क बनाने की मांग हो रही थी।

    सीएम योगी ने इस पर फोरलेन सड़क बनाने के निर्देश दिए

    लोक निर्माण विभाग को रेलवे ने भूमि भी हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की है। शनिवार को सीएम योगी ने इस पर फोरलेन सड़क बनाने के निर्देश दिए। सीएम की यह पहल ब्रज के विकास के लिए कई मायनों में महत्वपूर्ण है। नेशनल चैंबर के अध्यक्ष राजीव ब्रजवासी, होटल कारोबारी सोनल अग्रवाल, शशिभानु गर्ग समेत प्रमख लोगों का कहना है कि यह तरक्की का नया मार्ग होगा।

    यह होगा फायदा

    1. नया मार्ग बनने से रोजगार के साधन बनेंगे।
    2. जाम की समस्या में करीब 70 प्रतिशत कमी आएगी।
    3. जब श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी तो आर्थिक ढांचा भी और मजबूत होगा।

     

    क्या कहते हैं शहरवासी

    यह बहुत अच्छी पहल है। बीती 12 फरवरी को मैं खुद मुख्य सचिव एसपी गोयल से मिला और सड़क मार्ग बनाने की मांग की थी। अब सीएम ने फोरलेन बनाने का निर्देश दिया है। एक तरह से मथुरा ही नहीं वृंदावन की तरक्की का नया रास्ता यह सड़क खोलेगी। इसके लिए मुख्यमंत्री को बधाई है। विपिन सिंघल, प्रमुख कारोबारी


    यह ब्रजवासियों का संयुक्त प्रयास है। उनकी मांग पूरी हुई। इस मार्ग को यदि बेहतर तरीके से बनाया जाए। इंजीनियरिंग का विशेष ध्यान रखा जाए तो निश्चित रूप से यह विकास की राह और मजबूत करेगा। जाम से तो छुटकारा मिलेगा ही आर्थिक व्यवस्था भी मजबूत होगी। नीरव निमेष, बिल्डर

    यह हम सबके संघर्ष का परिणाम है। इसके लिए मुख्यमंत्री बधाई के पात्र हैं कि उन्होंने हमारी पीड़ा समझी और उसका समाधान किया। निश्चित रूप से यह बहुत अच्छी पहल है। भविष्य में यह मार्ग मील का पत्थर साबित होगा। जाम जो सबसे बड़ी समस्या है, वह भी खत्म होगा। राजेंद्र हाथीवाला, प्रमुख कारोबारी


    यह बेहद खुशी की बात है कि अब रेल मार्ग के स्थान पर फोरलेन सड़क बनेगी। इसमें प्रशासन हमसे जो मदद मांगेगा, जायंट्स वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से हम इसमें आर्थिक मदद करेंगे। सुंदरीकरण से लेकर यदि कोई चौराहा भी प्रशासन बनाएगा तो वह हम बनवाएंगे। राजेश बजाज, पूर्व अध्यक्ष नेशनल चैंबर