मथुरा में पकड़े गए फर्जी ED अफसर ने पुलिस की गाड़ी से कूदकर की जान देने की कोशिश, भेजा गया जेल
मथुरा में पकड़े गए फर्जी ईडी अफसर ने चिकित्सीय परीक्षण के लिए ले जाने के दौरान 'सब खत्म हो गया' ...और पढ़ें

फर्जी ईडी अधिकारी सचिन शर्मा और उसकी कार
HighLights
फर्जी ईडी अफसर ने किया आत्महत्या का प्रयास
पुलिस ने पकड़कर भेजा जेल
पिता के खाते में मिले 32 लाख रुपये
संवाद सूत्र, मथुरा। दो वर्ष से खुद को प्रवर्तन निदेशालय का अधिकारी बताकर अफसरों पर रौब गांठने के आरोपित सचिन शर्मा ने पुलिस वाहन से कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। यह देख पुलिस के होश उड़ गए और घेराबंदी कर तत्काल गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपित के पिता को भी गिरफ्तार कर लिया। पिता के बैंक खाते में 32 लाख रुपये मिले हैं। यह रकम आरोपित ने ठगी से अर्जित बताई है। पुलिस अब दोनों के खिलाफ गैंग्स्टर की कार्रवाई की तैयारी कर रही है। वहीं स्वजन मकान पर ताला लगाकर फरार हो गए है।
फरह थाना क्षेत्र के दीनदयाल धाम स्थित नगला बर का रहने वाला सचिन शर्मा करीब दो वर्ष से ईडी अधिकारी बनकर जिले के अधिकारियों पर रौब जमा रहा था। सोमवार दोपहर वह सीओ रिफाइनरी कार्यालय पहुंचा। सीओ ने शक होने पर सचिन से ईडी अधिकारी होने का साक्ष्य मांगा तो वह सकपका गया।
लखनऊ ईडी मुख्यालय से उसके फर्जी होने की पुष्टि होने पर उसे कार समेत गिरफ्तार कर लिया गया था। पूछताछ में आरोपित सचिन ने अपने पिता सुरेश शर्मा की भूमिका को लेकर भी पुलिस को जानकारी दी। बताया कि उसके पिता ने उससे कहा था कि नौकरी करके क्या करेगा, कुछ ऐसा बड़ा काम करो, जिससे आराम से बैठकर खाया जा सके।
उसने बताया, लोगों से ठगी की रकम पिता के खाते में मंगवाता था। पुलिस ने जांच की तो पिता के बैंक खाते में 32 लाख रुपये मिले। सचिन ने पुलिस को बताया कि यह रकम दो लोगों से ठगी से हासिल की गई थी।इसके बाद पुलिस ने पिता सुरेश शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के खिलाफ होगी गैंग्स्टर की कार्रवाई
मंगलवार दोपहर दो बजे पुलिस आरोपित सचिन को चिकित्सीय परीक्षण कराने के लिए जिला अस्पताल लेकर जा रही थी। बताते हैं बाद रेलवे पुल पर आरोपित ने पुलिसकर्मियों से कहा कि अब सब खत्म हो गया। ऐसे में अब जी कर क्या करेगा। इतना कहकर उसने पुलिस वाहन से कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया।
अचानक हुई इस घटना से पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया और उसकी निगरानी बढ़ा दी। आवश्यक कार्रवाई पूरी कर उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस आरोपित के पिता से पूछताछ कर रही है।
बुधवार को उसे भी जेल भेजा जाएगा। सीओ रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ गैंग्स्टर की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद इनकी संपत्ती कुर्क कराई जाएगी। फिलहाल अभी जानकारी जुटाई जा रही है कि शातिरों ने किन-किन लोगों से ठगी कर कितने रुपये का लेन-देन किया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।