Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोवर्धन में ईद पर कुर्बानी नहीं, मुस्लिम समाज ने दिया भाईचारे का संदेश; पीस कमेटी की बैठक में निर्णय 

    Updated: Sun, 17 May 2026 04:47 PM (IST)

    गोवर्धन में मुस्लिम समुदाय ने अधिकमास मेले के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए ईद पर बकरों की कुर्बानी न देने का ऐतिहासिक फैसला ल ...और पढ़ें

    पीस कमेटी की बैठक में मौजूद एसडीएम सुशील कुमार सिंह, सीओ अनिल कुमार सिंह, थाना प्रभारी भगवत गुर्जर व स्थानीय लोग। फोटो जागरण

    पीस कमेटी की बैठक में मौजूद एसडीएम सुशील कुमार सिंह, सीओ अनिल कुमार सिंह, थाना प्रभारी भगवत गुर्जर व स्थानीय लोग। फोटो जागरण 

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, गोवर्धन/मथुरा। भक्ति और भाईचारे की नगरी गोवर्धन ने एक बार फिर सांप्रदायिक सौहार्द की ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी गूंज दूर तक सुनाई देगी। अधिकमास मेले में उमड़ रही करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए मुस्लिम समाज ने इस बार ईद पर कुर्बानी नहीं देने का ऐतिहासिक फैसला लिया।

    थाना परिसर में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में जैसे ही यह घोषणा हुई, पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। अधिकारियों से लेकर स्थानीय लोगों तक सभी ने इस पहल का खड़े होकर स्वागत किया।

    अधिकमास को लेकर रविवार को गोवर्धन थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित हुई। इसमें एसडीएम सुशील कुमार सिंह एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और दूर कराने का आश्वासन दिया।

    शांति कमेटी की बैठक में मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि के रूप में आए मौलाना मोहम्मद रियाज, शकीम ने कहा, गोवर्धन में चल रहे पावन अधिकमास मेले और संत-श्रद्धालुओं की भावनाओं को देखते हुए समाज ने आपसी प्रेम और सद्भाव बनाए रखने के लिए ईद पर कुर्बानी नहीं करने का निर्णय लिया है।

    इसके साथ ही बैठक में मौजूद अधिकारी एवं अन्य लोगों ने तालियां बजाकर इस निर्णय का स्वागत किया। एसडीएम सुशील कुमार सिंह ने इस पहल को विश्व को संदेश देने वाला निर्णय बताया। कहा गोवर्धन ने हमेशा प्रेम, आस्था और सौहार्द की राह दिखाई है। यह फैसला उसी परंपरा को और मजबूत करता है।

    उन्होंने कहा आसपास के गांवों में भी नियमानुसार ही कुर्बानी होगी और शांति व्यवस्था से किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। सीओ अनिल कुमार सिंह ने मेला क्षेत्र में अतिक्रमण पर सख्त रुख अपनाते हुए व्यापारियों को चेतावनी दी कि नालियों के बाहर रखा सामान तुरंत हटाएं, अन्यथा जब्ती की कार्रवाई होगी।

    खबरें और भी

    थाना प्रभारी भगवत गुर्जर ने कहा दंडवती परिक्रमा के चलते भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी और जरूरी सामान वाले वाहन भी निर्धारित समय में ही प्रवेश कर सकेंगे।

    बैठक में ईओ चैतन्य कृष्ण तिवारी, चेयरमैन प्रतिनिधि मनीष लंबरदार, राधाकुंड चेयरमैन रामफल मुंशी, प्रधान राममूर्ति, अंशु कौशिक, गणेश पहलवान, ठाकुर फतेह सिंह, रामधन, रिंकू ठाकुर, डोरीलाल सदस्य, अमित गोस्वामी, पवन सैनी, श्रीधर पाठक, सल्लम प्रधान मौजूद रहे।

    बिना अनुमति नहीं लगेंगे महापुरुषों के प्रतीक

    बैठक में सभासद पवन सैनी के नेतृत्व में पहुंचे सैनी समाज के लोगों ने ब्लाक तिराहे पर लगे महापुरुषों के पोस्टर-बैनर फाड़े जाने की शिकायत उठाई। इस पर एसडीएम ने कार्रवाई का भरोसा देते हुए कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार शासन की अनुमति के बिना किसी सार्वजनिक अथवा निजी स्थल पर महापुरुषों की प्रतिमा, पोस्टर या प्रतीक नहीं लगाए जा सकते।