Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    खुद को श्रीकृष्ण का अवतार बता युवतियों से गंधर्व विवाह रचाता था फर्जी साधु, IIT रुड़की से किया है बीटेक

    Updated: Wed, 03 Jun 2026 12:54 AM (IST)

    मथुरा में खुद को श्रीकृष्ण का अवतार बताने वाले आईआईटी रुड़की से बीटेक फर्जी साधु अभिषेक मिश्रा को गिरफ्तार किया गया है। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. खुद को श्रीकृष्ण का अवतार बता युवतियों का शोषण।

    2. आईआईटी रुड़की से बीटेक फर्जी साधु अभिषेक मिश्रा गिरफ्तार।

    3. 24 युवतियों को नशे का आदी बनाकर करता था ब्लैकमेल।

    जागरण संवाददाता, मथुरा। धार्मिक प्रवचनों की आड़ में युवतियों का शोषण करने वाला कथित साधु अभिषेक मिश्रा खुद को श्रीकृष्ण का अवतार बताता था। वह युवतियों से गंधर्व विवाह करने का ढोंग करता था। वह युवतियों को नशे की आदत डलवाकर उनका शारीरिक शोषण करता और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता था। उसे गोवर्धन के राधाकुंड में आश्रम से गिरफ्तार कर लिया गया।

    पुलिस को उसके संपर्क में रहने वाली 24 युवतियों के बारे में जानकारी मिली हैं। इनमें से अधिकांश इंजीनियर हैं और आकर्षक पैकेज पर नौकरी करती हैं। कई घंटे की पूछताछ के बाद मंगलवार को पुलिस ने अभिषेक को जेल भेज दिया है।

    यह है पूरा मामला

    आईआईटी रुड़की से बीटेक करने के बाद साधु बने अभिषेक ने तीन साल पहले ओडिशा से आकर यहां आश्रम बनाया था। 15 मई को युवती ने एसएसपी से छोटी बहन के साथ अश्लील हरकतें करके ब्लैकमेल करने की शिकायत की थी। जांच के बाद सोमवार को पुलिस ने आईआईटियन बाबा अभिषेक मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया।

    आश्रम में छत्तीसगढ़ की दो युवतियां और एक युवक भी मिला था। तीनों नशे के आदी थे। पुलिस ने उन्हें नशा मुक्ति केंद्र भिजवा दिया। अभिषेक के मोबाइल से पुलिस को कई युवतियों की तस्वीरें और वीडियो भी मिले। पुलिस की पूछताछ में उसने कई राज उगले।

    खबरें और भी

    पुलिस के अनुसार, अभिषेक आनलाइन प्रवचन के जरिए युवतियों का ब्रेनवाश करता था। इसके बाद उन्हें आश्रम बुलाता था। खुद को श्रीकृष्ण का अवतार बताकर उन्हें आध्यात्म की राह पर चलने के लिए प्रेरित करता था। उनसे गंधर्व विवाह करता। आश्रम में अलग-अलग समय में दर्जन भर से ज्यादा युवतियां रहती थीं।

    कई युवतियां किराए के कमरों में भी रहती थी। वे नियमित आश्रम आती-जाती थीं। बाबा आश्रम में रहने वाली युवतियों को गांजे का नशा करवाता था। पूरी तरह चंगुल में फंसाने के बाद उनका शारीरिक शोषण करता था। इसी दौरान उनके वीडियो भी बना लेता था।

    एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि छह माह पूर्व अभिषेक के आश्रम में रहने वाली मध्यप्रदेश की युवती को लेने उसके स्वजन पहुंचे थे। विरोध करते हुए आश्रम में रहने वाली युवतियों ने पुलिस चौकी पर हंगामा किया था। अभिषेक मिश्रा के मोबाइल और इंटरनेट मीडिया एकाउंट की जांच की जा रही है। पीड़ित युवतियों से भी संपर्क किया जा रहा है।

    15 दिन तक डेरा डाले रहे चार युवतियों के स्वजन

    आश्रम में रहने वाली मप्र और छत्तीसगढ़ की चार युवतियों के स्वजन 20 दिन पहले आश्रम पहुंचे थे। युवतियां साथ जाने को तैयार नहीं थी। स्वजन ने जनसुनवाई में शिकायत की और 15 दिन तक मथुरा में रहे।

    पुलिस का कहना है कि युवतियां जाने को तैयार नहीं थी, इसलिए ठोस कार्रवाई नहीं की जा सकी। 15 मई को एक युवती की बहन की शिकायत पर जांच के बाद मामला खुला और बाबा को गिरफ्तार कर लिया गया।

    बेटे की करतूत को देख मां भी छोड़ गई साथ

    पुलिस को पूछताछ में पता चला है कि ओडिशा के खोरदा निवासी अभिषेक मिश्रा राधाकुंड में खुद का मकान बनाने के बाद अपनी मां को भी ले आया था। उसकी मां कई दिनों तक रही, लेकिन आश्रम की गतिविधियां संदिग्ध होने के कारण वह विरोध करने लगी। कुछ दिन बाद वह वापस घर लौट गईं।