Krishna Janmashtami 2026: बांकेबिहारी मंदिर में मंगला आरती के लिए पास से एंट्री, पहली बार लाइव स्ट्रीमिंग
वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 2026 पर मंगला आरती के लिए पास से प्रवेश मिलेगा, जिसमें शुरुआत में ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
जन्माष्टमी 2026 मंगला आरती में पास से प्रवेश।
शुरुआत में 600 भक्तों को ही मिलेगा प्रवेश।
पहली बार मंगला आरती का होगा सीधा प्रसारण।
संवाद सहयोगी, वृंदावन(मथुरा)। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मंगला आरती का आयोजन विशेष महत्व रखता है। यह आरती वर्ष में केवल एक बार होती है, जिसके कारण देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु रात से ही मंदिर के बाहर एकत्रित हो जाते हैं। अब मंगला आरती के दौरान मंदिर में केवल छह श्रद्धालुओं को पास के जरिए प्रवेश दिया जाएगा।
आरती के लिए पास होंगे जारी
उच्चाधिकार प्राप्त मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि मंगला आरती के लिए पास जारी किए जाएंगे। बिना पास के किसी भी श्रद्धालु को मंदिर में प्रवेश नहीं मिलेगा। इस बार मंगला आरती चार और पांच सितंबर के मध्य एक बजकर 55 मिनट पर होगी, जिसमें 600 भक्तों को ही प्रवेश दिया जाएगा। हालांकि, यदि आवश्यक हुआ, तो संख्या में वृद्धि की जा सकती है।
घर बैठे मंदिर की वेबसाइट पर लाइव कर सकते हैं मंगला आरती के दर्शन
अशोक कुमार ने कहा कि मंगला आरती की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सेवायतों के साथ भी वार्ता की जा रही है ताकि उत्सव को भव्य बनाया जा सके। इस बार एक नई व्यवस्था भी की गई है, जिसके तहत भक्त लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से मंगला आरती के दर्शन कर सकेंगे। यह पहला अवसर होगा जब ठाकुरजी की मंगला आरती का प्रसारण विश्वभर में किया जाएगा।
पहली बार लाइव होगी मंगला आरती
मंदिर के बाहर उपस्थित श्रद्धालु भी एलईडी स्क्रीन पर आरती के दर्शन का लाभ उठा सकेंगे। इसके अलावा मंदिर के इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर भी लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए मंगला आरती का प्रसारण होगा, इससे कहीं से भी श्रद्धालु घर बैठ कर दर्शन कर सकेंगे।
