विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजस्थान से दिल्ली जा रहा था 2500 किलो पनीर, मिलावट के शक पर मथुरा में नष्ट

By Rakesh Kumar Sharma Edited By: Prateek Gupta
Published: Sat, 07 Nov 2026 12:02 AM (IST)

मथुरा के कोसीकलां में खाद्य सुरक्षा विभाग ने राजस्थान से दिल्ली जा रहे 2500 किलो संदिग्ध पनीर को जब्त कर ...और पढ़ें

मिलावटी पनीर को नष्ट कराती एफएसडीए टीम और पुलिस।

मिलावटी पनीर को नष्ट कराती एफएसडीए टीम और पुलिस।

HighLights

  1. राजस्थान से दिल्ली जा रहा था मिलावटी पनीर।

  2. खाद्य सुरक्षा विभाग ने पनीर को नष्ट कराया, नमूने भेजे।

जागरण संवाददाता, मथुरा। त्योहारों पर मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच मिलावटखोरों की गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। राजस्थान से दिल्ली तक पनीर की आपूर्ति का ऐसा ही एक मामला कोसीकलां में सामने आया। राजस्थान के कामां से बोलेरो पिकअप में लादकर दिल्ली ले जाए जा रहे ढाई हजार किलो पनीर को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पकड़ लिया।

हैरानी की बात यह है कि पांच लाख रुपये कीमत के इस पनीर के खरीदने और बेचने से संबंधित कोई दस्तावेज चालक या कारोबारी प्रस्तुत नहींक र सके। गुणवत्ता पर संदेह होने के बाद विभाग ने पूरा पनीर गड्ढा खोदवाकर नष्ट करा दिया। जांच के लिए दो नमूने भी प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए शासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। डीएम सीपी सिंह के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य डा. जतिन कुमार सिंह ने हरियाणा बार्डर पर विशेष चेकिंग अभियान शुरू कराया है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि राजस्थान के कामां से पनीर की बड़ी खेप बोलेरो पिकअप में भरकर हरियाणा होते हुए दिल्ली ले जाई जा रही है।

सूचना पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम पुलिस बल के साथ सक्रिय हुई। गुरुवार-शुक्रवार की रात करीब 1.30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बठैन गेट पुलिस चौकी के पास कामां की ओर से आ रही बोलेरो पिकअप को रोक लिया गया। वाहन की तलाशी में करीब 2500 किलो पनीर मिला। चालक सलीम निवासी कामां ने बताया कि पनीर राजस्थान के कामां स्थित डेयरी से बिक्री के लिए लाया जा रहा है।

सहायक आयुक्त खाद्य डा. जतिन कुमार सिंह ने बताया कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित कारोबारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश भारती, धर्मेंद्र सिंह और जितेंद्र सिंह सहित सचल दल के सदस्य मौजूद रहे।

छापेमारी के बाद कोसीकलां से कामां पहुंचा था कारोबार

जिस कारोबारी वसीम की डेयरी का पनीर पकड़ा गया है, उसका पहले कोसीकलां में ही डेयरी कारोबार था। करीब डेढ़-दो वर्ष पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी के बाद उसने यहां अपना कारोबार बंद कर दिया था। इसके बाद उसने राजस्थान के नजदीकी कस्बे कामां से कारोबार शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि वहां से हरियाणा और दिल्ली तक पनीर की सप्लाई की जा रही थी। अब ढाई हजार किलो पनीर की खेप पकड़े जाने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई पर सबकी निगाहें प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।