विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मथुरा में दशहरा पर 14 स्थानों पर रावण दहन, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम; पुलिस और होमगार्ड के जवान रहेंगे तैनात

Published: Tue, 20 Oct 2026 07:08 PM (GMT+05:30)

मथुरा में दशहरा पर 14 स्थानों पर रावण दहन होगा, जिसके लिए प्रशासन और अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

जागरण संवाददाता, मथुरा। दशहरा आज है। 14 स्थानों पर रावण के पुतले का दहन होगा। पुतला दहन के आयोजनों के दौरान आग से हादसों को रोकना प्रशासन और अग्निशमन विभाग के लिए बड़ी चुनौती होगी। जिले के विभिन्न स्थानों पर पुतला दहन और आतिशबाजी के बीच सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने की तैयारी है। अग्निशमन विभाग की टीमों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर आयोजकों को जरूरी निर्देश दिए हैं। वहीं, भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस के अतिरिक्त जवानों के साथ होमगार्ड तैनात किए गए हैं।

दशहरा पर रावण दहन के दौरान पुतलों में इस्तेमाल होने वाली विस्फोटक सामग्री, आतिशबाजी और आग से उड़ने वाले जलते अवशेष हादसों का कारण बन सकते हैं। इसे देखते हुए अग्निशमन विभाग कार्यक्रम स्थलों पर अग्निसुरक्षा के इंतजामों की जांच कर रहा है।

पुलिसकर्मियों और होमगार्ड की तैनाती

आयोजकों को निर्देश दिए गए हैं कि पुतले के चारों ओर मजबूत बैरिकेडिंग लगाई जाए, ताकि दर्शक सुरक्षित दूरी पर रहें और दहन के दौरान कोई भी व्यक्ति पुतले के नजदीक न पहुंच सके। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों और होमगार्ड की तैनाती रहेगी।

पुतले के आसपास किसी भी तरह की ज्वलनशील सामग्री नहीं होनी चाहिए। साथ ही हवा की दिशा को ध्यान में रखकर आतिशबाजी और दहन की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि चिंगारी से आसपास आग लगने का खतरा कम हो।

अग्निसुरक्षा के लिहाज से कार्यक्रम स्थलों पर दमकल वाहनों के आने-जाने के लिए रास्ता खुला रखना जरूरी है। आपात स्थिति में भीड़ को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पर्याप्त निकास मार्ग भी उपलब्ध होने चाहिए।

सुरक्षा इंतजामों की जांच करने के निर्देश

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरुण कुमार ने बताया आयोजकों को दहन से पहले पूरे स्थल का निरीक्षण कर बैरिकेडिंग, आग बुझाने के संसाधनों और अन्य सुरक्षा इंतजामों की जांच करने के निर्देश दिए हैं।

जिले में शहर के रामलीला मैदान, कृष्णा नगर, सदर बाजार, औरंगाबाद, कोसीकलां मंडी, शेरगढ़, आझई मंडी, बरसाना शहर, छाता शुगर मिल के सामने, नौहझील, राया, मांट, सुरीर, गोवर्धन, वृंदावन और गोकुल बैराज मैदान समेत विभिन्न स्थानों पर रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए संबंधित थानों से अतिरिक्त पुलिस बल के साथ होमगार्ड की तैनाती की गई है।

यह भी पढ़ें- बेटी की शादी के कार्ड बांटने निकले पिता की सड़क हादसे में मौत, मथुरा में हुआ दर्दनाक हादसा

यह भी पढ़ें- नवरात्र और दशहरा पर मथुरा में चमकेगा वाहन बाजार, कारों और दोपहिया की बंपर डिलीवरी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।