विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तेज रफ्तार कार खेत में घुसी, पिता-पुत्र और पोते की मृत्यु; मथुरा में दीवाली से पहले दर्दनाक हादसा

By Jitendra GuptaEdited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 05 Nov 2026 09:54 AM (IST)Updated: Thu, 05 Nov 2026 10:51 AM (IST)

मथुरा के राया क्षेत्र में जयपुर-बरेली हाईवे पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खेत में जा घुसी, जिससे खेत में ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, मथुरा। राया क्षेत्र में जयपुर-बरेली हाईवे पर गुरुवार सुबह आठ बजे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खेत में जा घुसी। हादसे में खेत पर काम कर रहे पिता, पुत्र और पोते की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि कार चालक घायल हो गया। दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया है। शवों को नहीं उठने दे रहे है। चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची है।

गांव गज्जू के समीप गुरुवार सुबह करीब आठ बजे 70 वर्षीय जवाहर सिंह, उनके पुत्र 42 वर्षीय हमवीर सिंह और पौत्र 24 वर्षीय अंकित अपने खेत में पूर्वजों की समाधि बनाने व रंगाई-पुताई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अलीगढ़ की ओर से आ रही लाल रंग की स्विफ्ट कार तेज गति के कारण अनियंत्रित हो गई और खेत में काम कर रहे तीनों लोगों को टक्कर मारते हुए करीब 70 मीटर दूर जाकर पलट गई।

हादसे में जवाहर सिंह, हमवीर और अंकित की मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही राया पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। कार चालक अमन शर्मा निवासी कैलाश नगर अटला चौकी वृंदावन भी हादसे में घायल हो गया।

पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। तीन पीढ़ियों की एक साथ मौत से गांव गज्जू में मातम छा गया। सीओ महावन संजीव कुमार राय ने बताया प्रथमदृष्टया सामने आया है कि चालक को नींद की झपकी आने से हादसा हुआ है। फिर भी पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।