विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जन्माष्टमी पर मथुरा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, साढ़े तीन हजार पुलिसकर्मी तैनात, 16 वाच टावर से होगी निगरानी

Published: Sat, 29 Aug 2026 09:19 PM (IST)

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के लिए मथुरा में साढ़े तीन हजार पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे, जिसमें ड्रोन निगरानी और 16 वाच टावर शामिल हैं।

News Article Hero Image

HighLights

  1. 3500 पुलिसकर्मी, 16 वाच टावर, ड्रोन से निगरानी।

  2. 129 बैरियर, 25 पार्किंग स्थल, रूट प्लान तैयार।

  3. आगरा रेंज से अतिरिक्त पुलिस बल, सादी वर्दी में भी तैनाती।

जागरण संवाददाता, मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर सुरक्षा के लिए तीन हजार पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। इस अवसर पर 16 वाच टावर स्थापित किए जाएंगे और पूरे क्षेत्र की ड्रोन से निगरानी की जाएगी। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए 129 स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे और 25 पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे। आगरा रेंज से अतिरिक्त पुलिस बल भी मंगाया गया है। सादा वर्दी में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

कान्हा की नगरी मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाने के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु आते हैं। जन्मस्थान गेट के अंदर रेड जोन, गेट के बाहर यलो जोन और सड़क पर ग्रीन जोन की सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।

जन्माष्टमी के अवसर पर जन्मभूमि क्षेत्र को करीब 17 सेक्टर में बांटा जाएगा। मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, हाथरस और पीएसी की नौ कंपनियों के साथ साढ़े तीन हजार पुलिस कर्मी सुरक्षा व्यवस्था को संभालेंगे। 16 वाच टावरों से निगरानी की जाएगी और ड्रोन के माध्यम से हर गतिविधि पर पुलिसकर्मी नजर रखेंगे।

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि जन्माष्टमी पर लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए रूट प्लान भी तैयार किया गया है। इसके तहत 129 बैरियर बनाए गए हैं और 25 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

जन्माष्टमी के दिन वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई जाएगी, ताकि जाम की समस्या से बचा जा सके। सभी वाहनों को पार्किंग में खड़ा किया जाएगा। प्रमुख स्थानों पर छह क्रेन भी तैनात की जाएंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के आयोजन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इस बार की जन्माष्टमी पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी की है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा के सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है।

वाल पेंटिंग श्रद्धालुओं को करेगी आकर्षित

जन्माष्टमी को लेकर शहर को रंगीन लाइटों से सजाया जा रहा है। चौराहों पर श्रीकृष्ण की लीलाओं की वाल पेंटिंग श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगी। भूतेश्वर चौराहे पर रंग-बिरंगी झालरें लगाई जा रही हैं, जिसकी रोशनी भी श्रद्धालुओं में आकर्षक का केंद्र रहेंगी।

आगरा रेंज से ये आएगा पुलिस बल

20 सीओ
60 इंस्पेक्टर
300 उप निरीक्षक
1300 हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल
350 यातायात उप निरीक्षक
230 यातायात हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल
50 महिला कांस्टेबल
09 कंपनी पीएसी
02 कंपनी आरआरएफ
02 खोया-पाया केंद्र
06 क्रेन

जन्माष्टमी पर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापाक इंतजाम किए गए हैं। दूसरे जिलों से भी पुलिस बल मंगवाया गया है। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।

-श्लोक कुमार, एसएसपी

यह भी पढ़ें- लड्डू गोपाल खेलेंगे कैरम-लूडो और क्रिकेट, राजगढ़ी हिंडोले में झूलेंगे झूला, मेरठ में जन्माष्टमी की धूम