मथुरा में 2000 घरों की बिजली गुल, माइनस में पहुंच गया था बैलेंस; स्मार्ट प्रीपेड मीटर की काट दी गई सप्लाई
मथुरा में स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है क्योंकि माइनस बैलेंस होने पर लखनऊ से ऑनलाइन बिजली काटी जा रही है। हाल ही में शहरी क्षेत्र ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, मथुरा। पोस्टपेड से प्रीपेड हुए स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं। माइनस में चल रहे उपभोक्ताओं की बिजली लखनऊ से आनलाइन बंद की जा रही है। हर दूसरे दिन एक से दो हजार उपभोक्ताओं की बिजली बंद की जा रही है। इसको लेकर उपभोक्ता परेशान हैं।
लोग बिजली बिल जमा करने के लिए इधर-उधर से इंतजाम करने में जुटे हुए हैं। सोमवार को शहरी क्षेत्र के करीब दो हजार माइनस में चल रहे उपभोक्ताओं की बिजली बंद कर दी गई है। इसको लेकर उपकेंद्रों पर तमाम लोग भुगतान करने पहुंच रहे हैं। उपभोक्ताओं को मोबाइल से आनलाइन बिल जमा करने की सलाह दी जा रही है।
दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम द्वारा बीते वर्ष से जिलेभर में पुराने मीटर उखाड़ कर उनके स्थान पर स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य चल रहा है। बड़ी संख्या में ये मीटर लगाए जा चुके हैं। जिन लोगों के यहां मीटर लगाए जा चुके हैं, उनको अब निगम ने प्रीपेड कर दिए हैं। यहां तक तो राहत थी।
लेकिन, अब माइनस में चल रहे उपभोक्ताओं की बिजली आनलाइन लखनऊ से बंद की जा रही है। बीते दिनों जिलेभर में चार हजार मीटरों की बिजली बंद की गई थी। इसके चलते लोगों ने आनलाइन भुगतान किए। निगम के पास करीब तीन हजार उपभोक्ताओं ने 1.13 करोड़ रुपये जमा किए थे। कई लोगों ने एडवांस भुगतान किया था।
खबरें और भी
लखनऊ से ऑनलाइन बिजली बंद करने का सिलसिला जारी है। सोमवार को शहरी क्षेत्र के करीब दो हजार उपभोक्ताओं की बिजली ऑनलाइन बंद कर दी गई। इससे घरों में लगे उपकरण ने काम करना बंद कर दिया। कुछ देर बाद लोगों ने मीटर देखे तो उनमें लाल बत्ती जल रही थी, लेकिन अंदर नहीं थी।
इस पर लोगों ने ऑनलाइन भुगतान करना शुरू किया। तमाम लोग अधिकारियों के फोन लगाने में जुट गए। दोपहर में कैंट, कृष्णा नगर, मसानी एवं अन्य उपकेंद्रों पर लोग बिल जमा करने पहुंचे।
72 हजार रुपये हुए जमा, भुगतान पर चालू हो रही बिजली
शहरी एक्सईएन आशीष कुमार गुप्ता ने बताया, माइनस में चल रहे उपभोक्ताओं की बिजली लखनऊ से बंद की जा रही है। उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे एडवांस में धनराशि जमा कर दें, ताकि इस तरह की समस्या का सामना न करना पड़े।
सोमवार की सुबह दो हजार कनेक्शनों की आनलाइन बिजली बंद की गई है। इसमें से 72 लाख रुपये की धनराशि उपभोक्ताओं ने जमा की है। लोग जमा कर रहे हैं। भुगतान करने के साथ बिजली आपूर्ति बहाल हो रही है।