विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 20, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

PM Modi Mathura Visit: अयोध्या, काशी के बाद अब मोदी की नजर में कान्हा का ब्रज, भरतपुर के चुनावी रण में दे चुके हैं बड़ा संदेश

By Jagran NewsEdited By: Pragati Chand
Published: Mon, 20 Nov 2023 03:38 PM (GMT+05:30)

PM Modi Mathura visit प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नगर काशी और अयोध्या के बाद अब कान्हा के ब्रज पर है। ...और पढ़ें

अयोध्या, काशी के बाद अब मोदी की नजर में कान्हा का ब्रज। (फाइल फोटो)
अयोध्या, काशी के बाद अब मोदी की नजर में कान्हा का ब्रज। (फाइल फोटो)

विनीत मिश्र, मथुरा। बाबा विश्वनाथ की काशी, मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की अयोध्या और अब कान्हा का ब्रज। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नजर में ब्रज है। विकास का रोडमैप तैयार है। भरतपुर के चुनावी रण से पीएम मोदी ने राजस्थान और उत्तर प्रदेश को एक साथ साधने की कोशिश की। कहा, ब्रज का विकास अब तेजी से होगा। पीएम के इस संबोधन में राजनीतिक निहितार्थ के साथ ब्रज के विकास का संकल्प भी दिखाई दिया।

अब कान्हा के ब्रज में दिखेगी विकास की नई तस्वीर

संदेश से साफ है कि काशी, अयोध्या के बाद अब कान्हा के ब्रज में विकास की नई तस्वीर दिखाई देगी। लोकसभा चुनाव में भाजपा ब्रज को मुद्दा बना सकती है। वाराणसी से चुनाव जीतकर पीएम बने नरेन्द्र मोदी के पहले कार्यकाल में काशी में बाबा विश्वनाथ का भव्य और दिव्य धाम बनाए जाने का काम शुरू हुआ था। अब अयोध्या में रामलला वर्षों की प्रतीक्षा के बाद अपने मंदिर में विराजमान होने वाले हैं। ऐसे में मथुरा का मुद्दा भी बार-बार उठ रहा है। उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद ब्रज में विकास कार्य तेजी से शुरू हुए।

यमुना में क्रूज चलाने की भी है तैयारी

मथुरा, बलदेव, गोकुल, गोवर्धन, वृंदावन, बरसाना और राधाकुंड को तीर्थ क्षेत्र घोषित किया गया। हेलीकाप्टर से तीर्थक्षेत्र की यात्रा की सुविधा शुरू होने वाली है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यमुना में क्रूज चलाने की भी तैयारी है। केंद्र सरकार ने भी विकास योजनाएं बनाईं। ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग को राजमार्ग का दर्जा देने के साथ ही चौड़ीकरण और सुंदरीकरण की योजना पास हुई। यमुना जल के शुद्धिकरण के लिए नमामि गंगे योजना पर काम हो रहा है। जाहिर है, राजनीतिक रूप से भाजपा के लिए समृद्ध कान्हा नगरी में केंद्र और प्रदेश सरकार विकास का रोडमैप तैयार कर रही हैं।

यह भी पढ़ें, प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली बार ठाकुर जी के दर्शन करेंगे PM मोदी, वृंदावन के इस मंदिर में भक्तों की नो एंट्री!

सीएम योगी का दौरा बराबर यहां लगता है, अब मोदी के एजेंडे में भी ब्रज है। शनिवार को राजस्थान के विधानसभा चुनाव के लिए भरतपुर की रैली में मोदी ने इसके साफ संकेत दिए। उन्होंने कहा कि हम 23 नवंबर को मथुरा में मीराबाई के 525वें जन्मोत्सव में आयोजित कार्यक्रम में जा रहे हैं। ये क्षेत्र कान्हा की लीलाओं से जुड़ा है। पूरे क्षेत्र के विकास के लिए राज्य सरकारों के संपर्क में हूं। यूपी में पहले ही भाजपा की सरकार है, राजस्थान में भाजपा सरकार बनने के बाद पूरे ब्रज का विकास तेज होगा।

यह भी पढ़ें, मथुरा-वृंदावन के आश्रमों पर बढ़ाया गया टैक्स तो सीएम योगी हुए सख्त; अब नगर-निगम को दिया ये आदेश

पीएम मोदी के इस संदेश से साफ है कि अब ब्रज में विकास का पहिया और तेजी से घूमेगा। भले ही, मोदी ने ये बात राजस्थान के राजनीतिक रण में कही है, लेकिन राजनीति के जानकार कहते हैं कि लोकसभा चुनाव में भाजपा के एजेंडे में इस बार मथुरा भी प्रमुख मुद्दा हो सकता है। प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी चौथी बार मथुरा आ रहे हैं। पूर्व में भाजपा महानगर अध्यक्ष और अब महापौर विनोद अग्रवाल कहते हैं कि जब से प्रदेश और केंद्र में भाजपा की सरकार बनी है, तब से तेजी से ब्रज में विकास हो रहा है। आगे ये पहिया और तेजी से घूमेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।