राधारानी जन्मोत्सव बरसाना में 19 को: मंदिर में दो नए एंट्री गेट, 17 से वाहनों नो एंट्री; ये होंगे कार्यक्रम
बरसाना में 19 सितंबर को होने वाले राधारानी जन्मोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ...और पढ़ें

बरसाना में राधाष्टमी पर कस्बे में निरीक्षण करते एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत व एडीएम प्रशासन अमरीश कुमार.फोटो जागरण
HighLights
19 सितंबर को बरसाना में राधारानी जन्मोत्सव मनाया जाएगा
श्रद्धालुओं के लिए मंदिर में दो नए प्रवेश द्वार बनाए गए
17 सितंबर से बरसाना में वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा
संवाद सूत्र, बरसाना (मथुरा)। कान्हा के जन्मोत्सव के बाद आल्हादिनी शक्ति राधारानी के जन्मोत्सव की तैयारी तेज हो गई हैं। मंगलवार को अधिकारियों ने बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। इस बार श्रद्धालुओं के प्रवेश के लिए दो द्वार बनाए गए हैं। इससे मंदिर जाने में भीड़ का दबाव कम होगा। 17 सितंबर से वाहनों का बरसाना में प्रवेश बंद कर दिया जाएगा।
कान्हा के जन्मोत्सव के बाद वृषभानु दुलारी का जन्मोत्सव भाद्रपद शुक्ल पक्ष की अष्टमी को होगा। 19 सितंबर की सुबह चार बजे उनके निज महल में जन्मोत्सव मनेगा।
19 सितंबर को मनाया जाएगा राधाष्टमी महोत्सव
राधाष्टमी महोत्सव की तैयारियों को लेकर मंगलवार को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में बैठक हुई। बैठक के दौरान एडीएम प्रशासन अमरेश कुमार और एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने सफाई व्यवस्था, प्रकाश, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर चर्चा की। बैठक के बाद दोनों ही अधिकारियों ने पैदल पूरे बरसाना का भ्रमण किया और श्रद्धालुओं के आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया।
17 सितंबर की रात से वाहनों को नहीं मिलेगा प्रवेश
एडीएम ने कहा कि इस बार पहले से बेहतर व्यवस्था देखने को मिलेगी। सफाई के साथ पूरे मेला क्षेत्र में प्रकाश व पेयजल व्यवस्था होगी। पार्किंग व्यवस्था में मुश्किल नहीं आने दी जाएगी। 17 सितंबर की रात से ही कस्बे में वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। श्रद्धालुओं को अभिषेक के दर्शन ज्यादा से ज्यादा हो उसके लिए सेवायतों से भी बात की जाएगी।
सुदामा चौक की नई सीढ़ियों से मंदिर जाएंगे श्रद्धालु
एसपी देहात ने बताया कि कामां व कोसीकलां, छाता की तरफ से आने वाले श्रद्धालु प्रिया कुंड पर स्थित लाडो द्वार से प्रवेश करेंगे। जो सुदामा चौक की नई सीढ़ियों से मंदिर जाएंगे। गोवर्धन की तरफ से आने वाले सभी श्रद्धालु पीली कोठी तिराहा पर स्थित हमारो प्यारो बरसाना द्वार से होते हुए सुदामा चौक की पुरानी सीढ़ियों से मंदिर में प्रवेश करेंगे। राधारानी मंदिर पहुंचने वाले सभी श्रद्धालुओं को जयपुर मंदिर मार्ग से नीचे उतारा जाएगा।
यह भी पढ़ें- नई व्यवस्था: बांकेबिहारी मंदिर में बायोमीट्रिक हाजिरी से बढ़ेगी पारदर्शिता, ऑनलाइन दान के लिए बारकोड
यह होंगे कार्यक्रम
- 17 सितंबर को ऊंचागांव में राधारानी की प्रधान सखी ललिता जी का जन्मोत्सव मनाया जाएगा
- 18 सितंबर को लाडली जी मंदिर में राधा जन्मोत्सव की धूम तथा श्रद्धालुओं द्वारा चाव चढ़ाई जाएगी
- 19 सितंबर को लाडली जी मंदिर में राधारानी के विग्रह का अभिषेक कराया जाएगा। शाम को सफेद छतरी में राधारानी के दर्शन होंगे
- 20 सितंबर को सुबह मोरकुटी पर मयूर लीला। शाम को लाडली जी मंदिर में ढाढ़ि ढाढ़िन लीला का आयोजन
- 21 सितंबर को सुबह विलासगढ़ की लीला व मान मंदिर पर मान लीला का आयोजन
- 22 सितंबर को सुबह सांकरी खोर में चोटी बंधन लीला तथा शाम को प्रेम सरोवर गाजीपुर में नौका विहार लीला का आयोजन
- 23 सितंबर को ऊंचागांव में स्थित सखिगिरी पर्वत पर ब्याहवला लीला तथा शाम को प्रियाकुंड में नौका विहार लीला का आयोजन
- 24 सितंबर को दोपहर सांकरी खोर में मटकी फोड़ लीला तथा शाम को विशाल दंगल का आयोजन
- 25 सितंबर को राजस्थान के कदंब खंडी में चीर हरण लीला का आयोजन
- 26 सितंबर को मड़ोई, करहला व राधाबाग में महारास लीला का आयोजन
भीड अधिक होने पर टुकड़ों में मिलेगा प्रवेश
19 सितंबर को भीड़ ज्यादा होने के चलते टुकड़ों में श्रद्धालुओं को प्रवेश कराया जाएगा। पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। एसडीएम गोवर्धन सुशील कुमार सिंह, सीओ गोवर्धन अनिल कुमार सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि पदम फौजी, अधिशाषी अधिकारी डॉ. कल्पना बाजपेई मौजूद रहीं।
