मऊ में झाड़ू बाहर रखने के दौरान मौका देखकर फरार बाल बंदी पकड़ाया, पांच के विरुद्ध केस
मऊ के राजकीय संप्रेक्षण गृह से दीवार फांदकर भागे बाल बंदी को पुलिस ने शुक्रवार रात कुर्थीजाफर से पकड़ लिया। इस मामले में सहायक अधीक्षक ने दो होमगार्ड, ...और पढ़ें

मऊ में संप्रेक्षण गृह से फरार बाल बंदी पकड़ा गया, लापरवाही पर पांच पर केस।
HighLights
मऊ संप्रेक्षण गृह से बाल बंदी दीवार फांदकर भागा।
पुलिस ने फरार बाल बंदी को रात में ही पकड़ा।
लापरवाही के आरोप में पांच कर्मचारियों पर केस।
जागरण संवाददाता, मऊ। राजकीय संप्रेक्षण गृह से शुक्रवार को दीवार फांदकर भागने वाले बाल बंदी को पुलिस ने शुक्रवार की रात कुर्थीजाफर से धर दबोचा। इस मामले में सहायक अधीक्षक ने दो हाेमगार्ड, पीआरडी व चतुर्थ श्रेणी के एक-एक कर्मचारियों के विरुद्ध शहर कोतवाली में केस दर्ज कराया।
कोपागंज थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी किशोर को चोरी के मामले में मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली पुलिस ने 15 जुलाई को पकड कर राजकीय संप्रेक्षण गृह भेज दिया। शुक्रवार को संप्रेक्षण गृह के कर्मचारियों ने झाड़ू रखने के लिए बाहर भेजा। इतने में मौका देख बाल बंदी दीवार कूदकर फरार हो गया। बाल बंदी के भागने की खबर से महकमे में खलबली मच गई।
जानकारी मिलते ही उच्चाधिकारी मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गए। वहीं, चार कर्मचारियों की लापरवाही सामने आने पर सहायक अधीक्षक संजय कुमार मिश्रा ने संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड संजय यादव, बलिराम यादव, पीआरडी जवान मनोज कुमार व चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी विजय नरायन व बाल बंदी के विरुद्ध शहर कोतवाली में केस दर्ज कराया।
एसपी के निर्देश पर शहर कोतवाली पुलिस के साथ मुहम्मदाबाद कोतवाली व कोपागंज थाना की पुलिस ने घेराबंदी कर रात में ही किशोर को कुर्थीजाफरपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने बताया कि बंदी को चोरी के मामले में पकड़ कर राजकीय संप्रेक्षण गृह भेजा गया था। सुबह फरार होने के सूचना पर तीन थानों की पुलिस ने रात में घेराबंदी कर पकड़ लिया। कहा कि संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा को चाक चौबंद की जाएगी। ताकि इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो सके।