मेरठ में रोडवेज बस और रोड़ी से भरे ट्रक की भीषण टक्कर में महिला कंडक्टर की मौत, सड़क पर फैली रोड़ी में बाइक सवार फिसले
Meerut News: मेरठ-रुड़की हाईवे पर घने कोहरे के कारण रोडवेज बस और रोड़ी से भरे ट्रक की टक्कर हो गई। ...और पढ़ें

मेरठ रुड़की हाईवे पर क्षतिग्रस्त बस को ले जाती क्रेन। जागरण
HighLights
मेरठ-रुड़की हाईवे पर घने कोहरे में हुआ हादसा।
बस की कंडक्टर साइड बुरी तरह हो गई क्षतिग्रस्त।
संवाद सूत्र, दौराला (मेरठ)। घने कोहरे के चलते शुक्रवार तड़के वलीदपुर गांव के पास मेरठ-रुड़की हाईवे पर दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े रोड़ी से भरे ट्रक में ऋषिकेश से मेरठ आ रही रोडवेज बस पीछे से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस की कंडक्टर साइड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बस की महिला कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री घायल हो गया। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि अन्य यात्री बाल-बाल बच गए।
हादसा शुक्रवार सुबह करीब चार बजे हुआ। बताया गया कि मेरठ डिपो की रोडवेज बस ऋषिकेश से यात्रियों को लेकर मेरठ आ रही थी। वलीदपुर गांव के पास मामा यादव ढाबा के सामने हाईवे किनारे रोड़ी से भरा ट्रक खड़ा था।
उस समय घना कोहरा होने के कारण दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान बस चालक मुजफ्फरनगर निवासी अमरपाल को ट्रक दिखाई नहीं दिया और बस सीधे पीछे से उसमें जा घुसी। टक्कर लगते ही बस में चीख पुकार मच गई।
हादसे में बुलंदशहर निवासी यात्री विशाल घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस में फंसी महिला कंडक्टर पूर्वा (22) के शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया। पूर्वा शामली जिले के बाबरी थाना क्षेत्र के कासोपुर गांव की रहने वाली थी।
सड़क पर फैली रोड़ी बनी मुसीबत
टक्कर के बाद ट्रक में भरी रोड़ी मेरठ-रुड़की हाईवे पर फैल गई। इससे हादसे का खतरा और बढ़ गया। सड़क पर रोड़ी फैली देख रुहासा निवासी रोहित राज और गौरव कुमार ने आसपास से पेड़ों की टहनियां लाकर वहां डाल दीं, ताकि वाहन चालकों को खतरे का अंदाजा हो सके। दोनों ने वाहन चालकों को सावधानी से निकलने का इशारा भी किया।
इसके बावजूद कई बाइक सवार सड़क पर फैली रोडी पर फिसलकर गिर गए। हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थमने से जाम जैसे हालात बन गए। करीब 10 बजे रोडी हटवाने का काम शुरू कराया गया।
सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि हादसे में महिला कंडक्टर की मौत हुई है, जबकि एक यात्री घायल हुआ है। अन्य यात्री सुरक्षित हैं। घायल को उपचार दिलाने के बाद सभी यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। हादसे की जांच की जा रही है। अभी कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। तहरीर आने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।