सेना का जवान निकला एक करोड़ की ठगी का मास्टरमाइंड, पुलिस ने आरोपित पंकज भारद्वाज व उसके दो साथी दबोचे
Meerut News : मेरठ में रघुनंदन ज्वेलर्स से एक करोड़ के आभूषणों की ठगी का मुख्य सूत्रधार सेना का जवान कृष्णा तिवारी निकला, जो दार्जिलिंग में तैनात है। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
पकड़े गए आरोपितों से आभूषण बरामदगी में जुटी पुलिस।
मेरठ में रघुनंदन ज्वैलर्स के शोरूम पर हुई थी वारदात।
जागरण संवाददाता, मेरठ। रघुनंदन ज्वेलर्स पर एक करोड़ की एंट्री के नाम पर 99.85 लाख के आभूषण ठगी का सूत्रधार सेना का जवान निकला है, जिसकी तैनाती दार्जिलिंग में है। सैन्यकर्मी कृष्णा तिवारी ने ही प्रवीण शर्मा व पुष्पेंद्र चौधरी को ब्लैकमनी को व्हाइट में कराने की बात कहकर रघुनंदन ज्वैलर्स के शोरूम पर भेजा था।
वहीं ठगी कर आभूषण ले जाने वाले हिसार के पंकज भारद्वाज और उसके दो साथियों को भी पुलिस ने पकड़ लिया है। यह गिरोह पूरे देश में ठगी की वारदात को अंजाम देता है। पुलिस ने घटना में 15 दिन बाद सर्राफ की तरफ से मिली तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की साकेत कालोनी निवासी तन्मय अग्रवाल का आबूलेन बाजार के आबू प्लाजा में रघुनंदन ज्वेलर्स के नाम से शोरूम है।
18 फरवरी की दोपहर करीब एक बजे तन्मय के मोबाइल पर दिल्ली के करोल बाग स्थित कृष्णा ज्वेलर्स का मालिक कृष्णा बताकर काल आई। कृष्णा ने तन्मय से कहा कि वह एक करोड़ की नगदी भेज रहे हैं, उसके बदले में एक करोड़ के आभूषण खरीदने हैं। दोपहर 1:20 बजे कृष्णा का साथी रघुनंदन ज्वेलर्स पर पहुंचा और खुद को दिल्ली से आना बताया।
तन्मय ने कर्मचारी गौरव निवासी मानसरोवर ने उसे 99 लाख 85 हजार के आभूषण पसंद कराए। इसके बाद युवक बाजार में घूमने की बात कहकर चला गया। उधर, रुड़की रोड स्थित भगवान डिपो के स्वामी प्रवीण शर्मा निवासी शांति निकेतन सोसायटी रुड़की रोड और दवा कारोबारी पुष्पेंद्र चौधरी निवासी दबथुवा के पास सिलीगुड़ी निवासी कृष्णा तिवारी की काल आई। कृष्णा ने बताया कि एक करोड़ कच्ची रकम को पक्के में बदल सकते हैं। वह तैयार हो गए।
खबरें और भी
उन्होंने बताया गया कि रघुनंदन ज्वेलर्स के मालिक तन्मय से रकम का आदान-प्रदान कर सकते हैं। शाम करीब चार बजे प्रवीण और पुष्पेंद्र अपने साथी राजवीर व पंकज निवासी अंबे एन्कलेव दिल्ली के साथ दो बैग में एक करोड़ की रकम लेकर रघुनंदन ज्वेलर्स पर पहुंचे। इन लोगों ने तन्मय को बताया कि कृष्णा ने रकम लेकर भेजा है।
नगदी लेकर उनके बताए खाते में रकम ट्रांसफर की जानी है। तन्मय उक्त रकम को शोरूम के अंदर पुष्पेंद्र व प्रवीण के सामने मशीन से गिनती कर रहे थे, उसी समय दिल्ली के कृष्णा का भेजा पंकज भारद्वाज आभूषण लेकर निकल गया। एक करोड़ की ठगी के बाद पुलिस की कई टीमें मामले पर काम कर रही थी।
गत मंगलवार को पुलिस ने पंकज भारद्वाज को हिरासत में ले लिया था। बुधवार को उसके दो साथियों को भी पकड़ लिया। सर्राफ को थाने बुलाकर ठगी करने वाले तीनों आरोपितों की पहचान भी कराई जा चुकी है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस आरोपितों से आभूषण बरामद करने में लगी है।