मेरठ में बुलडोजर स्वागत पर नितिन नवीन ने जताई नाराजगी, बिना रुके आगे बढ़ गए
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पश्चिमी यूपी प्रवास के दौरान बुलडोजर से स्वागत पर नाराजगी जताई और कार्यकर्ताओं ...और पढ़ें

मेरठ में सभा को संबोधित करते भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन। सोमवार को काशी टोल प्लाजा पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के दौरान कुछ ऐसे खड़े थे बुलडोजर
HighLights
सोमवार को काशी टोल प्लाजा पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का बुलडोजरों से हुआ था जोरदार स्वागत।
सेंट्रल मार्केट प्रकरण पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद प्रभावित परिवारों ने दी थी तीखी प्रतिक्रिया।
जागरण संवाददाता, मेरठ। पश्चिमी उप्र में दो दिनी प्रवास के अंतिम दिन मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन प्रबुद्ध लोगों से संवाद के बाद सहांरनपुर के लिए रवाना हो गए। रास्ते में मेरठ, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
मेरठ के सिवाया टोल प्लाजा पर स्वागत के लिए बुलडोजर भी खड़े किए गए थे। यह देख भाजपा अध्यक्ष बिना रुके आगे बढ़ गए। उनकी इस नाराजगी को देखते हुए इसके बाद सहारनपुर तक किसी भी स्वागत कार्यक्रम में बुलडोजर नहीं दिखा।
सोमवार को मेरठ आगमन पर भाजपा अध्यक्ष का काशी टोल प्लाजा पर कई बुलडोजरों से जोरदार स्वागत किया गया था। इसमें मुस्लिम कार्यकर्ता भी शामिल हुए। काशी टोल से लेकर सुभारती यूनिवर्सिटी तक चार स्थानों पर स्वागत के लिए स्टेज लगाए गए थे, अधिकतर स्थानों पर बुलडोजर खड़े थे, जिन पर फूलों की माला डाला गई थी।
सेंट्रल मार्केट प्रकरण पर सुप्रीम कोर्ट का आदेश आने के बाद बुलडोजर स्वागत पर प्रभावितों की तीखी प्रतिक्रिया आई थी। उनका सवाल था कि इस तरह स्वागत कर क्या हमें यह संदेश देने का प्रयास है कि यह हमारे मकानों और दुकानों पर भी एक दिन ये बुलडोजर आएंगे?
यह भी पढ़ें- BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने युवाओं को दिलाए 3 संकल्प; युवा वर्ग को केवल देश का भविष्य नहीं, मौजूदा ताकत बताया
प्रबुद्ध वर्ग के संवाद में भी सेंट्रल मार्केट प्रकरण उठा था। माना जा रहा है कि आम लोगों की नाराजगी को देखते हुए ही नितिन नवीन मंगलवार को सिवाया टोल प्लाजा पर बुलडोजर देख नहीं रुके। पार्टी सूत्रों का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बुलडोजर स्वागत पर पदाधिकारियों से नाराजगी भी जताई। नसीहत दी कि जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं को जमीन पर उतरकर काम करना चाहिए।
