बारहवीं पास करने वाले छात्र ध्यान दें! CCSU के UG पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन रजिट्रेशन की तारीख घोषित
CCSU Meerut : चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ में स्नातक, सर्टिफिकेट और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए सत्र 2026-27 के प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीकरण शुरू ...और पढ़ें

HighLights
स्नातक, सर्टिफिकेट, डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में होंगे प्रवेश।
130 रुपये पंजीकरण शुल्क में तीन विकल्प चुनने की सुविधा।
जागरण संवाददाता, मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर व संबद्ध कालेजों एवं संस्थानों में संचालित स्नातक स्तर के सभी पाठ्यक्रमों, सर्टिफिकेट के साथ डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में सत्र-26-27 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया पांच मई से शुरू होगी। पंजीकरण एवं प्रवेश समर्थ पोर्टल के माध्यम से किए जाएंगे। इसके लिए सभी पाठ्यक्रम समर्थ पोर्टल पर लाइव किए जा चुके हैं।
यूपी बोर्ड की वर्ष-2026 की 12 वीं की परीक्षा का परिणाम गत 23 अप्रैल को घोषित हो चुका है। आइएससी 12 वीं का परिणाम गुरुवार को घोषित हुआ है। अब केवल सीबीएसई बोर्ड की 12 वीं की परीक्षा का परिणाम आना बाकी है। यह भी मई के प्रथम सप्ताह में आने की संभावना है।
दो बोर्ड के परीक्षा परिणाम आने के बाद सीसीएसयू ने भी अपने स्नातक स्तर के पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर ली है।
जिन छात्र-छात्राओं को परिसर एवं संबद्ध कालेज एवं संस्थानों में संचालित पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेना है। वे अपना आनलाइन पंजीकरण पांच मई से विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.ccsuniversity.ac.in पर जाकर एडमिशन-26-27 पर क्लिक कर कर सकेंगे।
130 रुपए अदा करना होगा पंजीकरण शुल्क
प्रवेश पंजीकरण के लिए छात्र-छात्राएं 130 रुपए का शुल्क आनलाइन पेमेंट के माध्यम से करेंगे। छात्र-छात्राएं एक ही पंजीकरण शुल्क से अधिकतम तीन पाठ्यक्रम, कालेज, विश्वविद्यालय परिसर विभाग का चयन कर सकता है।साथ ही परिसर एवं संबद्ध कालेज के लिए एक साथ आवेदन कर सकते हैं।
शैक्षणिक सत्र-26-27 में विश्वविद्यालय परिसर विभाग एवं संबद्ध कालेज, संस्थान विश्वविद्यालय द्वारा घोषित समय अवधि में अपने यहां पाठ्यक्रमवार पंजीकृत अर्ह छात्र-छात्राओं की वरीयता सूची एवं प्रतीक्षा सूची विश्वविद्यालय के आरक्षण नियमानुसार तैयार कर प्रवेश करेंगे।
संबद्धता को गंभीरता से देख लें कालेज
प्रवेश समन्वयक व छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. भूपेंद्र सिंह का कहना है कि संबंधित कालेज अपने स्तर से यह भी सुनिश्चित करेंगे कि संबंधित पाठ्यक्रम में कालेज को सत्र-2026-27 में संबद्धता प्राप्त हैं। अन्यथा की स्थिति में लिए गए प्रवेश मान्य नहीं होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी कालेज की होगी।
खबरें और भी
साथ ही कालेज व संस्थान पोर्टल पर उनके यहां संचालित पाठ्यक्रमों की स्वीकृत सीटों का भी अवलोकन कर लें। अगर किसी पाठ्यक्रम की स्वीकृत सीटों में कोई त्रुटि है तो तुरंत विश्वविद्यालय को पत्र लिखकर सूचना दें।