इंतजार की घड़ियां खत्म! UG व PG की पहली मेरिट से Admission सोमवार से... Dashboard पर देखें ऑफर
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय और संबद्ध कॉलेजों में स्नातक व परास्नातक पाठ्यक्रमों की पहली मेरिट से प्रवेश प्रक्रिया सोमवार से ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
सीसीएसयू में यूजी-पीजी प्रवेश पहली मेरिट से शुरू।
छात्र 17-19 अगस्त तक डैशबोर्ड पर ऑफर देखें।
दूसरी मेरिट लिस्ट के दिशानिर्देश 20 अगस्त को।
जागरण संवाददाता, मेरठ। इंतजार हुआ खत्म। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) परिसर व संबद्ध कालेजों में स्नातक (यूजी) एवं परास्नातक (पीजी) के विभिन्न कोर्सों में पहली मेरिट से प्रवेश की प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो जाएगी। शैक्षिक सत्र-2026-27 के लिए यह प्रवेश बीपीईएस, एमपीईएस, पीजीडीपीईडी, बीएफएडी एवं बीएलएड तीन वर्षीय कोर्स के अतिरिक्त सभी स्नातक एवं परास्नातक डिग्री एवं डिप्लोमा कोर्सों में किए जाएंगे।
नए सत्र में प्रवेश के लिए परिसर के सभी विभागों एवं कालेजों ने सीसीएसयू से मिले डाटा के आधार पर पहली मेरिट लिस्ट तैयार की है। इस मेरिट से ही सोमवार से प्रवेश की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। पहली मेरिट लिस्ट पोर्टल पर अपलोड करने की बजाय चयनित छात्र-छात्राओं को सीधे रिव्यू एंड प्रोसेस विकल्प के आधार पर एडमिशन आफर जारी किया गया है।
इस तरह होगी एडमिशन की प्रक्रिया
जिन छात्र-छात्राओं ने परिसर के विभिन्न विभागों में अपना पंजीकरण कराया है, उन्हें 17 से लेकर 19 अगस्त तक अपने लागिन आइडी एवं पासवर्ड से डैशबोर्ड पर लागिन कर यह देखना है कि प्रवेश शुल्क जमा करने का लिंक मिला है अथवा नहीं। जिनको लिंक मिला है, वे निर्धारित तिथि तक संबंधित परिसर विभाग में अपने शैक्षिक प्रमाण पत्र एवं अन्य अभिलेखों के साथ एडमिशन की प्रक्रिया पूरी करेंगे।
वहीं, विश्वविद्यालय से सभी संबद्ध कालेजों एवं संस्थानों में पंजीकरण कराने वाले छात्र-छात्राओं को भी 17 से 19 अगस्त के बीच अपने डैशबोर्ड पर उपलब्ध एडमिशन आफर की जांच करनी होगी। जिस कालेज में एडमिशन लेना है, उसका आफर स्वीकार करने के बाद पंजीकरण प्रपत्र, शैक्षिक प्रमाण पत्र, आरक्षण प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाणपत्र समेत अन्य सभी आवश्यक दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियां और मूल अभिलेख लेकर संबंधित कालेज में पहुंचेंगे और प्रवेश ले सकेंगे।
विश्वविद्यालय ने जारी किए निर्देश
नए सत्र में यूजी व पीजी में होने वाले प्रवेश को लेकर विश्वविद्यालय ने भी छात्र-छात्राओं को निर्देश जारी किए हैं। जिन छात्र-छात्राओं ने कैंपस व संबद्ध कालेज दोनों में आनलाइन पंजीकरण कराया है, वे अपने डैशबोर्ड पर उपलब्ध विश्वविद्यालय कैंपस के एडमिशन फीस लिंक एवं कालेजों के एडमिशन आफर को ध्यानपूर्वक देखकर यह तय करेंगे कि उन्हें किस कालेज में प्रवेश लेना है। कालेज का आफर स्वीकार करते हैं तो कालेज एवं कैंपस में प्रवेश प्रस्ताव स्वीकार करने पर संबंधित विभाग में 17 से 19 अगस्त तक संपर्क कर प्रवेश लेना होगा।
दूसरी मेरिट के लिए 20 को दिशा-निर्देश
पहली मेरिट लिस्ट से प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद विश्वविद्यालय 20 अगस्त को दूसरी मेरिट लिस्ट के लिए दिशा-निर्देश जारी करेगा। इसके बाद कालेज मेरिट तैयार करेंगे। वहीं, प्रवेश के लिए समय अवधि जारी कर दूसरी मेरिट लिस्ट से कैंपस व कालेजों में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू होगी।
