Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Delhi-Meerut Expressway को लेकर बड़ा अपडेट: मेरठ की तरफ से वाहनों का संचालन जारी, गाजियाबाद की तरफ से किया गया बंद

    By Sushil Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Fri, 07 Aug 2026 12:33 PM (IST)

    दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे शुक्रवार से गाजियाबाद की ओर से बंद कर दिया गया है। मेरठ की तरफ से वाहनों का संचालन जारी रहेगा। कांवड़ यात्रा के कारण वाणिज्यिक ...और पढ़ें

    दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (प्रतीकात्मक फोटो)

     दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (प्रतीकात्मक फोटो) 

    HighLights

    1. कांवड़ियों की संख्या बढ़ने पर हापुड़ और गढ़ रोड भी आज से वन-वे होगा

    2. कमर्शियल वाहनों को दिल्ली रोड, डीएमई और शहर के अंदर बंद कर दिया गया

    जागरण संवाददाता, मेरठ। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे शुक्रवार से गाजियाबाद की तरफ से बंद कर दिया जाएगा, मेरठ की तरफ से वाहनों का संचालन जारी रहेगा। कमर्शियल वाहनों का प्रवेश मेरठ-रुड़की हाईवे, डीएमई और शहर के अंदर प्रतिबंधित कर दिया गया है। आज से ही गढ़ और हापुड़ रोड पर भी वन-वे व्यवस्था लागू कर दी गई। अब एक साइड में कांवड़िये और दूसरी साइड में वाहनों का संचालन किया जाएगा। दिल्ली रोड, हापुड़ और गढ़ रोड पर ई-रिक्शा और आटो को भी प्रतिबंधित कर दिया गया है।

    हरिद्वार और मुजफ्फरनगर पुलिस से वार्ता करने के बाद मेरठ-रुड़की हाईवे पर हल्के वाहनों को भी बंद किया जाएगा। उसके बाद यातायात पुलिस की तरफ से जारी पास वाले और इमरजेंसी सेवाएं देने वाले वाहन ही चलेंगे। दिल्ली-दून इकोनामिक कारिडोर और गंगा एक्सप्रेसवे पर यातायात यथावत चलता रहेगा, यहां कांवड़ियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। एडीजी भानु भास्कर ने बताया कि गुरुवार को 34 लाख कांवड़ियों ने हरिद्वार से जल उठाया है।

    अभी तक दो करोड़ 79 लाख कांवड़िये जल उठा चुके हैं। दिल्ली हाईवे पर बड़ी संख्या में कांवड़िये पहुंच गए, मुजफ्फरनगर की सीमा में भी यूपी के कांवड़ियों का जत्था पहुंच गया है। कांवड़ पटरी मार्ग को पहले ही कांवड़ियों के लिए आरक्षित कर दिया है। इस मार्ग पर यातायात पुलिस की तरफ से अनुमति प्राप्त वाहनों का ही संचालन हो सकेगा।

    गाजियाबाद में शुक्रवार सुबह आठ बजे से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। डीएमई बंद होने के बाद दिल्ली से मेरठ और उससे आगे जाने वाले वाहनों को डासना कट से एनएच-9 पर उतारकर हापुड़ के रास्ते गंतव्य तक भेजा जाएगा। ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और एनएच-9 को प्रमुख वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा।

    खबरें और भी

    पुलिस का मानना है कि इस व्यवस्था से कांवड़ मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव कम रहेगा। मेरठ रोड पर कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हरिद्वार से लौट रहे डाक कांवड़ और सामान्य कांवड़ियों के जत्थे दिनभर मेरठ रोड से गुजर रहे हैं। इसे देखते हुए मेरठ से दिल्ली जाने वाली लेन पहले ही कांवड़ियों के लिए आरक्षित कर दी गई है। कई कट बंद हैं और प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

    वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे मेरठ रोड और डीएमई के बजाय निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें, जिससे अनावश्यक जाम से बचा जा सके। डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन ने बताया कि कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, इसलिए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।