VIDEO: अग्निवीर का मेरठ-रूड़की हाईवे पर हाईवोल्टेज ड्रामा, नशे में उत्पात मचाते हुए दारोगा की वर्दी फाड़ी
मेरठ-रूड़की हाईवे पर एक अग्निवीर सिपाही ने नशे में धुत होकर उत्पात मचाया और पुलिसकर्मियों से बदसलूकी की। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सेना पुलिस को सौंप दिया।
HighLights
मेरठ के कंकरखेड़ा क्षेत्र का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।
पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर सेना पुलिस को सौंपा
जागरण संवाददाता, मोदीपुरम (मेरठ)। कंकरखेड़ा क्षेत्र में मेरठ-रूड़की हाईवे पर सेना के अग्निवीर के सिपाही का नशे में उत्पात मचाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में पुलिस के दारोगा की वर्दी फाड़ने का भी दावा किया गया है। पुलिस ने आरोपित सिपाही को हिरासत में लिया, उसके बाद सेना पुलिस को बुलाकर उसे सौंप दिया। इस दौरान हाईवे पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई, जिनमें से किसी ने मोबाइल से वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।
बताया जाता है कि अग्निवीर में सिपाही भर्ती हुए हर्ष तोमर नशे में हाईवे किनारे से अपनी कार को पीछे कर रहा था। तभी पीछे खड़ी कार से हर्ष की कार टकरा गई। पीड़ित कार चालक ने उसका विरोध किया तो हर्ष तोमर बदसलूकी करने लगा। पीड़ित ने प्रकरण की जानकारी पुलिस को दी। कंकरखेड़ा थाना पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और जानकारी के बाद नशे में धुत्त अग्निवीर सिपाही को पकड़ने लगे। तभी सेना के सिपाही ने पुलिस से खींचतान करते हुए बदसलूकी कर दी।
थाना और डायल-112 के पांच पुलिसकर्मियों जिनमें दारोगा, हेड कांस्टेबल और सिपाही हैं, उन्होंने आरोपित अग्निवीर सिपाही को पकड़ने का प्रयास किया, मगर उसने एक हैडकांस्टेबल और दारोगा की गर्दन दबाने का प्रयास किया। उसके बाद वीडियो में दावा किया जा रहा है कि आरोपित ने दारोगा की वर्दी फाड़ दी। किसी तरह आरोपित अग्निवीर सिपाही को पुलिस थाने ले गई, जहां इंस्पेक्टर ने सेना पुलिस को बुलाया और प्रकरण बताया।
सेना पुलिस आरोपित सेना के सिपाही को हिरासत में ले गई। इस प्रकरण में कंकरखेड़ा थाना इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह का कहना है कि नशे में अग्निवीर का सिपाही था, जिसकी कार की टक्कर पीछे खड़ी दूसरी कार से हो गई। इसी बात पर सिपाही ने दूसरी कार चालक से बदसलूकी की और उत्पात मचाया। पुलिस से भी खींचतान की। सेना पुलिस को बुलाकर उनके सुपुर्द कर दिया गया।
