Ganga Expressway और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे संपर्क मार्ग से जुड़ेंगे, इसे लेकर नितिन गडकरी से मिले MP अरुण गोविल
गंगा एक्सप्रेसवे और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे को मेरठ में 3 किमी लंबे संपर्क मार्ग से जोड़ा जाएगा, जिससे दिल्ली से प्रयागराज तक आवागमन सुगम होगा। सांसद ...और पढ़ें

सांसद अरुण गोविल ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की भेंट।
HighLights
खानपुर–भगवानपुर के बीच बनेगा तीन किमी लंबा संपर्क मार्ग।
सांसद अरुण गोविल ने परियोजना में तेजी लाने का आग्रह किया।
जागरण संवाददाता, मेरठ। दिल्ली से प्रयागराज के बीच अब आवागमन पहले से अधिक बेहतर हो जाएगा। दो सबसे आधुनिक एक्सप्रेसवे यानी गंगा एक्सप्रेसवे और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे आपस में जोड़े जाएंगे।
तीन किमी लंबा संपर्क मार्ग बनाकर दोनाें को जोड़ा जाएगा। सांसद अरुण गोविल के प्रयास से यह संपर्क मार्ग एक-दो साल में बन जाएगा। अभी इसकी डीपीआर तैयार की जा रही है। इसमें तेजी लाने व टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू करने के लिए सांसद ने केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भेंट की।
सांसद ने गंगा एक्सप्रेस-वे एवं दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेस-वे को जोड़ने के लिए खानपुर–भगवानपुर (मेरठ) के बीच लगभग तीन किमी लंबे संपर्क मार्ग को बनाने के लिए पिछले साल प्रस्ताव दिया था। उस पर स्वीकृति मिलने पर एनएचएआइ ने डीपीआर की तैयारी शुरू की थी।
सांसद ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से न केवल प्रयागराज से दिल्ली तक निर्बाध एवं सुगम यातायात सुनिश्चित होगा, बल्कि मेरठ एवं आसपास के क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए भी एक गेम चेंजर सिद्ध होगा। सांसद ने बताया कि उन्हें जानकारी प्राप्त हुई है कि तकनीकी सर्वेक्षण का कार्य पूर्ण हो चुका है लेकिन अंतिम प्रशासनिक अनुमोदन एवं निविदा प्रक्रिया अभी लंबित है।
इसमें तेजी लाई जानी चाहिए। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि संबंधित अधिकारियों को शीघ्र आवश्यक निर्देश प्रदान किए जाएं, ताकि इस महत्वपूर्ण लिंक रोड परियोजना पर त्वरित कार्य शुरू हो सके। सांसद ने बताया कि संपर्क मार्ग बनने से यात्रियों को राहत मिलेगी। हापुड़ हाईवे पर उतरने के बजाय सीधे एक से दूसरे एक्सप्रेसवे पर जा सकेंगे।
खबरें और भी
यह भी जानें
- मेरठ हापुड़ हाईवे पर बिजौली से शुरू हो रहा है गंगा एक्सप्रेसवे, जिसे प्रयागराज तक बनाया गया है।
- मेरठ-हापुड़ हाईवे पर खानपुर से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे का पांचवां चरण निर्माणाधीन है, यह 14 किमी लंबा कनेक्टर है।
- यदि गंगा एक्सप्रेसवे व दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे आपस में संपर्क मार्ग से नहीं जुड़ेंगे तो दोनों एक्सप्रेसवे के वाहनों को एक-दूसरे पर जाने के लिए पहले हापुड़ हाईवे पर उतरना होगा। इससे जाम भी मिल सकता है। वाहन भटक भी सकते हैं।
- संपर्क मार्ग बनने से दोनों एक्सप्रेसवे के वाहन बिना गति अवरोध के तेजी से एक से दूसरे पर जा सकेंगे।